काम में लापरवाही पड़ी भारी, चंदौली DM ने दो अधिकारियों को थमाया नोटिस, विभागों को दिया अल्टीमेटम

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली में विकास योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मुख्यमंत्री डैशबोर्ड (CM Dashboard) की समीक्षा बैठक में डीएम ने स्पष्ट कहा कि योजनाओं की रैंकिंग और ग्रेडिंग में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दो अधिकारियों पर गिरी गाज

बैठक के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास) की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठे। पूर्व निर्देश के बावजूद दोनों अधिकारी आईजीआरएस रजिस्टर लेकर बैठक में उपस्थित नहीं हुए।

इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए डीएम ने दोनों अधिकारियों को तत्काल कारण बताओ नोटिस (Show-Cause Notice) जारी करने के निर्देश दिए।

ई-ऑफिस में लापरवाही मिली तो रुकेगा वेतन

जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जिन विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली का संचालन धीमा पाया जाएगा, वहां संबंधित अधिकारियों का वेतन रोक दिया जाएगा।

उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि अपने कार्यों की प्रगति रिपोर्ट हर महीने की 25 तारीख तक अनिवार्य रूप से पोर्टल पर अपलोड करें, ताकि जिले की रैंकिंग बेहतर बनी रहे।

शिक्षा और निर्माण विभाग को सुधार के निर्देश

डीएम ने विशेष रूप से शिक्षा और निर्माण कार्य से जुड़े विभागों को अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाने का निर्देश दिया। साथ ही कार्यदायी संस्थाओं को सख्त निर्देश दिए गए कि पूर्ण हो चुके प्रोजेक्ट्स का हस्तांतरण तत्काल किया जाए, ताकि जनता को योजनाओं का लाभ मिल सके।

जनकल्याण योजनाओं की जमीनी हकीकत पर भी जोर

समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने केवल आंकड़ों पर ही नहीं, बल्कि योजनाओं की जमीनी स्थिति पर भी फोकस किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। इसके साथ ही IGRS पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशील निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

ALSO READ – UP की फाइनल वोटर लिस्ट की तारीख तय: वाराणसी से मुख्य निर्वाचन आयुक्त का बड़ा ऐलान


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *