
Chandauli News: चकिया कोतवाली क्षेत्र के भीखमपुर गांव में सोमवार रात पति पर पत्नी की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका बबली गोंड और आरोपी सनी कुमार मौर्य एक ही गांव के निवासी थे। दोनों के बीच पढ़ाई के दौरान प्रेम संबंध शुरू हुआ था। चकिया में पढ़ाई के दौरान दोनों एक-दूसरे के करीब आए और बाद में परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रेम विवाह कर लिया। शादी के बाद दोनों परिवार से अलग रहकर जीवन यापन कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य था, लेकिन समय के साथ पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगे। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। सोमवार रात भी किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोप है कि पति सनी कुमार मौर्य ने गला दबाकर पत्नी बबली गोंड की हत्या कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतका के गले पर निशान पाए गए हैं, हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
क्षेत्राधिकारी चकिया रघुराज ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
ALSO READ – चंदौली में रिश्वतखोर लेखपाल गिरफ्तार, 10 हजार लेते ही एंटी करप्शन टीम का छापा