चंदैली में चोरी-हत्या से दहशत, विकास ठप! सपा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने सरकार से मांगा जवाब

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: सकलडीहा विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने विधानसभा सदन में चंदौली जिले की कानून व्यवस्था और ठप पड़े विकास कार्यों को लेकर सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई हुई है और आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने कहा कि चंदौली में आए दिन चोरी, लूट, हत्या और तस्करी की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन पुलिस इन अपराधों पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि शराब, गांजा और पशु तस्करी जैसे अपराधों से जिले में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है, जिससे आम जनता में दहशत है।

विकास कार्यों पर सवाल उठाते हुए विधायक ने कहा कि समाजवादी पार्टी सरकार के दौरान शुरू की गई कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं आज भी अधूरी पड़ी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के चंदौली दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि बार-बार दौरे के बावजूद विकास योजनाओं को पूरा नहीं किया गया है, जिससे जनता को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।

विधायक ने जिला मुख्यालय भवन के अधूरे निर्माण को जल्द पूरा करने की मांग की। साथ ही उन्होंने प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर स्टेडियम निर्माण की आवश्यकता बताई, ताकि क्षेत्र की युवा प्रतिभाओं को बेहतर अवसर मिल सके। इसके अलावा सकलडीहा और धानापुर को नगर पंचायत का दर्जा देने की भी मांग उठाई।

प्रभुनारायण सिंह यादव ने टांडा और नंगवा के पास गंगा नदी पर पक्का पुल बनाने, बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज में कैंसर और डायलिसिस जैसी उन्नत चिकित्सा सुविधाएं शुरू करने, नहरों की पक्की लाइनिंग, ड्रेनों की सफाई और ग्रामीण सड़कों की मरम्मत कराने की मांग भी सदन के माध्यम से सरकार के सामने रखी। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूरा होने से जिले के विकास को नई गति मिलेगी।

ALSO READ – गंगा में अब नहीं चलेगी मनमानी: ओवरलोडिंग, सेल्फी और तेज स्पीड पर होगा केस


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *