
Chandauli News: डीडीयू जंक्शन पर सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त जांच के दौरान एक युवक के पास से 16.25 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। युवक इस रकम से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर आयकर विभाग को सौंप दिया गया।
यह कार्रवाई जीआरपी और रेलवे सुरक्षा बल की संयुक्त टीम द्वारा स्टेशन परिसर में चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान की गई।
फुट ओवर ब्रिज पर संदिग्ध हालत में मिला युवक
सुरक्षा जांच के दौरान फुट ओवर ब्रिज के पास एक युवक संदिग्ध हालत में बैग के साथ खड़ा मिला। तलाशी लेने पर उसके बैग से 16.25 लाख रुपये नकद बरामद हुए। पूछताछ के दौरान युवक इस रकम से जुड़े कोई कागजात नहीं दिखा सका।
वाराणसी से बिहार ले जा रहा था नकदी
आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप रावत के अनुसार, हिरासत में लिए गए युवक की पहचान सोनू के रूप में हुई है। वह वाराणसी से यह नकद राशि लेकर बिहार के डेहरी जाने की तैयारी में था।
आयकर विभाग कर रहा मामले की जांच
सूचना मिलने पर आयकर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और युवक को अपनी हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। इतनी बड़ी नकद राशि मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां हवाला कारोबार से जुड़े होने की आशंका जता रही हैं।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, जांच जारी
रेलवे स्टेशन पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। फिलहाल आयकर विभाग पूरे मामले की गहन जांच में जुटा हुआ है।
ALSO READ – वाराणसी के किसानों की बल्ले-बल्ले: 11,584 किसानों के खातों में 4.26 करोड़ भेजे