धान खरीद के लिए ट्रैक्टर लेकर निकले पूर्व विधायक, प्रशासन को तुरंत करना पड़ा इंतजाम

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: किसानों के धान की खरीद सुनिश्चित कराने के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू सोमवार को सड़क पर उतर आए। उन्होंने किसानों के समर्थन में धान से लदा ट्रैक्टर खुद चलाकर अपने सैयदराजा स्थित आवास से नवीन मंडी के लिए कूच किया, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने हाइवे पर रोका, फिर भी मंडी पहुंचे

पूर्व विधायक के इस कदम को देखते हुए पुलिस ने उन्हें हाइवे पर रोककर नोटिस तामील कराया और आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। हालांकि, मनोज सिंह डब्लू किसानों के हितों का हवाला देते हुए मंडी की ओर बढ़ते रहे। उनके मंडी पहुंचने के बाद वहां पहले से मौजूद डिप्टी आरएमओ की निगरानी में किसानों के धान की खरीद प्रक्रिया शुरू कराई गई।

किसानों को जगह-जगह रोका, प्रशासन ने दिया आश्वासन

इस दौरान नवीन मंडी आ रहे अन्य किसानों को भी पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर रोक लिया। प्रशासन ने किसानों को आश्वासन दिया कि उनके नजदीकी धान क्रय केंद्रों पर ही तौल और पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।

किसानों की परेशानी देख उठाया कदम

पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि जिले के किसान धान बेचने के लिए परेशान हैं। उन्होंने बताया कि एक किसान की बेटी की शादी केवल इसलिए अटकी हुई है क्योंकि उसका धान अभी तक नहीं बिक सका। किसानों की इसी पीड़ा को देखते हुए उन्होंने यह कदम उठाया, ताकि प्रशासन उनकी समस्या का समाधान सुनिश्चित करे।

पूरे जिले में अलर्ट रहा प्रशासन

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस-प्रशासन पूरे दिन मुस्तैद रहा। जिला मुख्यालय से मंडी को जोड़ने वाले सभी मार्गों पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई थी, ताकि किसी भी तरह की भीड़ या अव्यवस्था को रोका जा सके। वहीं, डिप्टी आरएमओ स्वयं मंडी में मौजूद रहे और पूर्व विधायक के पहुंचते ही धान की खरीद युद्ध स्तर पर शुरू कराई गई।

ALSO READ – बोर्ड परीक्षा केंद्र बना ‘नकल का अड्डा’, STF ने प्रिंसिपल और सॉल्वर को पकड़ा


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *