बोर्ड परीक्षा केंद्र बना ‘नकल का अड्डा’, STF ने प्रिंसिपल और सॉल्वर को पकड़ा

Spread the love & Share it

UP Board Exam 2026

UP Board Exam 2026: उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा 2026 के दौरान नकल माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एसटीएफ वाराणसी को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने गाजीपुर जिले के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र स्थित भगेलू दास इंटर कॉलेज से प्रधानाचार्य और दूसरे छात्र की जगह परीक्षा दे रहे सॉल्वर को गिरफ्तार किया है। दोनों को हाईस्कूल अंग्रेजी परीक्षा के दौरान रंगे हाथ पकड़ा गया।

दूसरे छात्र की जगह दे रहा था परीक्षा

एसटीएफ को सूचना मिली थी कि भगेलू दास इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य की मिलीभगत से परीक्षार्थियों की जगह सॉल्वर बैठाकर परीक्षा दिलाई जा रही है। इस सूचना पर एसटीएफ टीम ने स्टेटिक मजिस्ट्रेट के साथ परीक्षा केंद्र पर छापेमारी की।

चेकिंग के दौरान कक्ष संख्या 12 में शुभम यादव के स्थान पर शिवम यादव नाम का युवक उत्तर पुस्तिका लिखते हुए पाया गया। मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इस पूरे मामले में प्रधानाचार्य विन्ध्याचल यादव की भूमिका सामने आने पर उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया।

40 हजार रुपये लेकर कराई जा रही थी फर्जी परीक्षा

पूछताछ में सॉल्वर शिवम यादव ने खुलासा किया कि वह पिछले तीन दिनों से शुभम यादव की जगह परीक्षा दे रहा था। वह हिंदी और सामाजिक विज्ञान की परीक्षा भी दे चुका था। इसके लिए प्रधानाचार्य को 40 हजार रुपये दिए गए थे। हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान सॉल्वर का बायोमेट्रिक या कोई अन्य सत्यापन भी नहीं किया गया।

मौके से प्रश्नपत्र, OMR शीट और मोबाइल बरामद
एसटीएफ ने मौके से हाईस्कूल अंग्रेजी का प्रश्नपत्र, उत्तर पुस्तिका, ओएमआर शीट, प्रवेश पत्र, आधार कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर बोर्ड परीक्षा में नकल माफियाओं के खिलाफ एसटीएफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई।

इस मामले में थाना दुल्लहपुर में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और परीक्षा अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल स्थानीय पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

ALSO READ – चंदौली में भीषण सड़क हादसा: मैजिक पलटकर ऑटो पर गिरा, अधेड़ की मौत, कई घायल


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *