
AI Summit Controversy: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कांग्रेस और उसके वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि “मोहब्बत की दुकान” चलाने का दावा करने वाले लोग देश में दंगे करवाना चाहते हैं और भारत की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी को निशाना बनाना कांग्रेस का ‘फैशन’
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाना अब फैशन बन गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में आयोजित एआई समिट में दुनिया भर के प्रतिनिधि शामिल हुए थे, लेकिन कांग्रेस से जुड़े लोगों द्वारा नग्न प्रदर्शन करना देश को शर्मसार करने वाला कदम था।
मोदी का विजन: देश के कोने-कोने तक पहुंचे एआई
बृजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का विजन है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को देश के हर कोने तक पहुंचाया जाए, ताकि भारत तकनीकी क्षेत्र में अग्रणी बन सके। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके विपरीत कांग्रेस और राहुल गांधी रोजाना सरकार पर आरोप लगाकर देश को नीचा दिखाने की कोशिश करते हैं।
विदेशी मंचों से बयानबाजी पर उठाए सवाल
डिप्टी सीएम ने कहा कि झूठ बोलकर और विदेशी मंचों से बयानबाजी कर भारत की छवि खराब करना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी प्रोपोगैंडा फैला रहे हैं और उन्हें समझना चाहिए कि “सूरज पर थूकने से अपना ही चेहरा गंदा होता है।
राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर साधा संयुक्त निशाना
बृजेश पाठक ने कहा कि भारत आर्थिक क्षेत्र में लगातार नए रिकॉर्ड बना रहा है, जबकि कांग्रेस देश का अपमान करने में लगी है। उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव को एक ही थाली के चट्टे-बट्टे बताते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला।
ALSO READ – चकिया के निजी अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत, परिजनों का हंगामा, संचालक फरार