चकिया के निजी अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत, परिजनों का हंगामा, संचालक फरार

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली के चकिया कोतवाली क्षेत्र स्थित दुबेपुर के एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया, जबकि अस्पताल संचालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, बरौझी गांव निवासी रिंका कुमारी को सोमवार को प्रसव के लिए दुबेपुर स्थित एक निजी सर्जिकल सेंटर में भर्ती कराया गया था। यहां ऑपरेशन के माध्यम से बच्चे का जन्म कराया गया। परिजनों के मुताबिक शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन शाम होते-होते महिला की हालत अचानक बिगड़ गई।

परिजनों का आरोप है कि हालत गंभीर होने के बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने महिला को उचित उपचार और ऑक्सीजन सपोर्ट दिए बिना ही वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। वाराणसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद रिंका कुमारी को मृत घोषित कर दिया।

महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए परिजन अस्पताल पहुंच गए और लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। हंगामे के दौरान अस्पताल संचालक मौके से फरार हो गया। परिजनों का कहना है कि उस समय अस्पताल में कोई जिम्मेदार चिकित्सक भी मौजूद नहीं था।

मृतका के परिजन अमन कुमार और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि संबंधित अस्पताल बिना किसी निर्धारित मानक और वैध पंजीकरण के संचालित किया जा रहा था। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। इस मामले में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल परिजन प्रशासन के अगले कदम और कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

ALSO READ – धान खरीद के लिए ट्रैक्टर लेकर निकले पूर्व विधायक, प्रशासन को तुरंत करना पड़ा इंतजाम


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *