चंदौली में बारात से पहले तालाब में गिरी कार, दूल्हे ने बचाई तीन जानें, फिर रचाई शादी

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली जिले में एक हैरान कर देने वाला हादसा सामने आया, जहां शादी के लिए जा रहे एक शिक्षक दूल्हे की कार बेकाबू होकर तालाब में गिर गई। हादसे के बाद दूल्हा खुद तैरकर बाहर निकला और फिर बहादुरी दिखाते हुए कार में फंसे अपने रिश्तेदार और दो लड़कियों की जान बचाई। इसके बाद दूल्हा बग्घी पर सवार होकर शादी स्थल पहुंचा और विवाह की रस्में पूरी कीं। यह हादसा मंगलवार रात करीब 9 बजे बबुरी थाना क्षेत्र में मैरिज लॉन से महज 300 मीटर पहले हुआ।

ड्राइवर शराब पीकर चला रहा था कार

जानकारी के अनुसार, प्रयागराज के बैरी गांव निवासी रामनरेश प्रजापति के बेटे पवन कुमार प्रजापति (34) एक पॉलिटेक्निक कॉलेज में लेक्चरर हैं। उनकी शादी हसनपुर गांव निवासी शालू प्रजापति से तय हुई थी।

बारात बबुरी स्थित मैरिज लॉन जा रही थी। दूल्हा पवन स्विफ्ट कार की आगे वाली सीट पर बैठे थे, जबकि कार में परिवार की दो लड़कियां और एक रिश्तेदार भी सवार थे।

रास्ते में ड्राइवर ने कार रोककर शराब पी और फिर तेज रफ्तार में गाड़ी चलाने लगा। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। हादसे से पहले ड्राइवर दरवाजा खोलकर कूद गया और मौके से फरार हो गया।

दूल्हे ने तैरकर बचाई तीन लोगों की जान

कार तालाब में गिरते ही डूबने लगी। ड्राइवर साइड का दरवाजा खुला होने के कारण दूल्हा किसी तरह बाहर निकला और करीब 20 से 25 मीटर तैरकर बाहर पहुंच गया।

इसके बाद आसपास के लोगों की मदद से दूल्हे ने कार में फंसी दो लड़कियों और एक रिश्तेदार को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया। तब तक कार आधे से ज्यादा पानी में डूब चुकी थी। बाद में क्रेन की मदद से कार को तालाब से बाहर निकाला गया।

हादसे के बाद भी पूरी की शादी की रस्में

हादसे के कारण शादी की द्वारचार रस्म में करीब दो घंटे की देरी हुई। दूल्हे को दूसरी गाड़ी से मैरिज लॉन ले जाया गया, जहां उन्होंने कपड़े बदले और दोबारा शेरवानी पहनकर बारात निकाली। रात करीब 11 बजे दूल्हा बग्घी पर सवार होकर मैरिज लॉन पहुंचा और विवाह की सभी रस्में पूरी कीं। परिजनों के अनुसार, हादसे में दूल्हे का करीब 75 हजार रुपये का स्मार्टफोन, सोने की चेन और अंगूठी तालाब में गिरकर खो गई। कार में रखे कपड़े भी भीग गए, जिन्हें बाद में सुखाया गया।

ALSO READ – अविमुक्तेश्वरानंनद के समर्थन में फलाहारी बाबा, बोले- आशुतोष ब्रह्मचारी की नाक काटने वाले 21 लाख का इनाम


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *