
Chandauli News: मुगलसराय क्षेत्र में लूट की घटना का त्वरित खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने वाले रेलवे चौकी मुगलसराय पर तैनात मुख्य आरक्षी सुरेंद्र कुमार को पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है। इस सराहनीय कार्रवाई से पुलिस विभाग में उत्साह का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, 17 फरवरी को धानापुर थाना क्षेत्र के बिझवल गांव निवासी अरविंद कुमार से जीटीआर ब्रिज के पास सोने के लॉकेट की लूट हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हो गई और महज दो घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राज रावत पुत्र प्रकाश और किशन पुत्र सुंदर डोम निवासी थाना अलीनगर, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सोने का लॉकेट भी बरामद कर लिया।
इस मामले में त्वरित कार्रवाई और सफल अनावरण को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे ने मुख्य आरक्षी सुरेंद्र कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। अधिकारियों ने कहा कि अपराध नियंत्रण में तत्परता और सतर्कता पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और ऐसे कार्य करने वाले कर्मियों को प्रोत्साहित किया जाना जरूरी है।
पुलिस विभाग के इस कदम से अन्य पुलिसकर्मियों का भी मनोबल बढ़ेगा और अपराध नियंत्रण में तेजी आएगी।
ALSO READ – बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के घर पर IT की रेड, अब तक 10 करोड़ कैश बरामद