
Ayushman Card UP: उत्तर प्रदेश में आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की गई है। अब प्रदेश के सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों में भी आयुष्मान भारत योजना के तहत निशुल्क इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए स्टेट हेल्थ एजेंसी उत्तर प्रदेश (साचीज) जल्द ही 12 कैंटोनमेंट अस्पतालों के साथ एमओयू साइन करेगी।
प्रदेश में कुल 13 कैंटोनमेंट अस्पताल हैं। इनमें से प्रयागराज कैंटोनमेंट अस्पताल में जनवरी 2026 से आयुष्मान कार्ड धारकों का मुफ्त इलाज शुरू हो चुका है। यहां कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, मेडिकल एवं सर्जिकल ऑन्कोलॉजी जैसी गंभीर बीमारियों का उपचार किया जा रहा है। मरीजों को मुफ्त ओपीडी अपॉइंटमेंट, नि:शुल्क जांच और गंभीर मामलों में मुफ्त परिवहन की सुविधा भी दी जा रही है।
इन शहरों के अस्पताल होंगे शामिल
एमओयू के बाद लखनऊ, कानपुर, मेरठ, बरेली, वाराणसी, अयोध्या, शाहजहांपुर, मथुरा, आगरा, फतेहपुर, झांसी और बबीना स्थित कैंटोनमेंट अस्पतालों में भी आयुष्मान योजना लागू हो जाएगी।
साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा के अनुसार औपचारिकताएं लगभग पूरी हो चुकी हैं। वहीं एसीईओ डॉ. पूजा यादव ने कहा कि इस पहल से गंभीर और जटिल बीमारियों से पीड़ित मरीजों को उच्च स्तरीय विशेषज्ञ सेवाएं मिल सकेंगी। आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के रोगियों के लिए पिक एंड ड्रॉप सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
पोर्टल से जुड़ेगा पूरा सिस्टम
एमओयू के बाद सभी कैंटोनमेंट अस्पतालों को आयुष्मान योजना के पोर्टल से जोड़ा जाएगा, जिससे इलाज, बिलिंग और क्लेम सेटलमेंट की प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरी हो सकेगी। सरकार का यह निर्णय गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
ALSO READ – तेहरान दहला: इजरायल-अमेरिका के 30 ठिकानों पर हमले, एयरस्पेस सील