
Varanasi News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे। अपने इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा करेंगे और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देंगे।
मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचे, जहां से वह सर्किट हाउस के लिए रवाना हुए। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
भाजपा बैठक और पौधारोपण अभियान
प्रोटोकॉल के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे सर्किट हाउस में भाजपा की क्षेत्रीय समन्वय समिति की बैठक में हिस्सा लेंगे। इसके बाद नगर निगम द्वारा आयोजित पौधारोपण अभियान का प्रस्तुतिकरण देखेंगे।
दोपहर 2:30 से 2:45 बजे तक डोमरी में होने वाले वृक्षारोपण कार्यक्रम का प्रस्तुतीकरण होगा, जहां मुख्यमंत्री प्रमाण पत्र भी वितरित करेंगे।
विकास कार्यों की करेंगे समीक्षा
दोपहर 2:45 बजे मुख्यमंत्री पांडेयपुर में निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कॉलेज सहित अन्य प्रमुख परियोजनाओं का निरीक्षण कर सकते हैं।
इसके अलावा ग्रिड योजना के तहत बन रही सड़कों की गुणवत्ता और प्रगति की भी समीक्षा करेंगे। मुख्यमंत्री परियोजनाओं के निर्माण कार्य की गुणवत्ता परखते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।
शाम को करेंगे दर्शन-पूजन
शाम 6 बजे मुख्यमंत्री बाबा कालभैरव मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद शाम 6:30 बजे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लेंगे।
दर्शन के उपरांत मुख्यमंत्री सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे और 2 मार्च को लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।
प्रशासन अलर्ट मोड में
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल और निरीक्षण स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
ALSO READ – 1 मार्च से बदल जाएंगे नियम: LPG से UPI, रेलवे ऐप से बैंकिंग तक आपकी जेब पर सीधा असर