होली में हुड़दंग पड़ा भारी: दरोगा पर हमले के बाद चंदौली पुलिस का बड़ा एक्शन, 4 गिरफ्तार, 13 नामजद

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली में होली के दौरान हुड़दंग मचाने और माहौल खराब करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देश पर जिले भर में अभियान चलाकर चार दर्जन से अधिक लोगों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है।

इसी क्रम में अलीनगर थाना क्षेत्र में दरोगा और चालक सिपाही पर हमला करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

डीजे बंद कराने पहुंचे दरोगा पर हमला

मंगलवार देर रात डीजल कॉलोनी स्थित शराब ठेका और होलिका स्थल के पास यह घटना हुई। जानकारी के अनुसार उपनिरीक्षक दिनेश सिंह होलिका स्थल की निगरानी और डीजे बंद कराने के लिए मौके पर पहुंचे थे।

होलिका के पास तेज आवाज में डीजे बज रहा था, जिसे बंद कराने और नियमों का पालन कराने के लिए पुलिस टीम ने हस्तक्षेप किया। इसी दौरान दरोगा दिनेश सिंह मौके की तस्वीरें ले रहे थे, जिससे कुछ युवक भड़क गए।

वर्दी फाड़ी, चालक सिपाही से भी मारपीट

आरोप है कि कुछ युवकों ने दरोगा के साथ अभद्रता शुरू कर दी और देखते ही देखते मारपीट पर उतर आए। हमलावरों ने दरोगा को घेर लिया, उनकी वर्दी फाड़ दी और चालक सिपाही के साथ भी हाथापाई की।

हमले में दरोगा दिनेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें और चालक सिपाही को तत्काल इलाज के लिए ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

13 नामजद और 6 अज्ञात के खिलाफ केस

इस घटना के बाद अलीनगर पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने और जानलेवा हमले सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस ने इस मामले में 13 नामजद और 6 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। बुधवार को पुलिस ने लवकुश, गोलू, संतोष यादव और चंदन उर्फ सेठ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बाकी आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस लाइन में मनाई जाएगी होली

इधर, जिले में ड्यूटी के बाद पुलिसकर्मी भी होली का उत्सव मनाने की तैयारी में हैं। चंदौली पुलिस गुरुवार को पुलिस लाइन में होली उत्सव आयोजित करेगी।

इस दौरान आईपीएस अधिकारियों सहित सभी पुलिसकर्मी डीजे की धुन पर रंग-गुलाल के साथ होली मनाएंगे।

बता दें कि बुधवार को जिले में होली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया था। जिलाधिकारी आवास पर डीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।

ALSO READ – होली पर चंदौली में बवाल: शराबियों ने पुलिस टीम को घेरा, उपनिरीक्षक समेत दो गंभीर, 19 पर मुकदमा दर्ज


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *