फार्म हाउस पर सो रहा था किसान, बाइक सवार बदमाशों ने कनपटी पर मारी गोली और फरार

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: चंदौली में गुरुवार को दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। कंदवा थाना क्षेत्र के जलालपुर गांव में 28 वर्षीय किसान विशाल सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बदमाशों ने फार्म हाउस पर आराम कर रहे किसान को करीब से कनपटी पर गोली मारी और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

फार्म हाउस पर सो रहे किसान को मारी गोली

जानकारी के अनुसार जलालपुर गांव निवासी विशाल सिंह (28) अपने भाई विवेक सिंह के साथ खेती-बाड़ी का काम करते थे। गुरुवार को वह गांव के बाहर स्थित अपने फार्म हाउस पर आराम कर रहे थे।

इसी दौरान बाइक सवार कुछ बदमाश वहां पहुंचे और करीब से उनकी कनपटी पर पिस्टल से गोली मार दी। गोली लगते ही विशाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तुरंत फरार हो गए।

हमलावर CCTV का DVR भी साथ ले गए

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने वारदात के बाद फार्म हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले लिया, ताकि घटना से जुड़े सबूत मिटाए जा सकें।

फार्म हाउस पर मौजूद कर्मचारियों ने घटना की जानकारी तुरंत परिजनों और पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

मौके से 315 बोर का खोखा बरामद

घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर समेत कई थानों की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने मौके से 315 बोर का एक खोखा बरामद किया है। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए हैं।

इलाके में दहशत, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल

दिनदहाड़े हुई इस हत्या की घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सुरक्षा के मद्देनजर कंदवा और धीना थाना की भारी पुलिस फोर्स गांव में तैनात कर दी गई है।

पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक के परिवार का गांव के कुछ लोगों से पुराना विवाद चल रहा था। ऐसे में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

मृतक के बड़े भाई की तहरीर पर गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

ALSO READ – Nitish Kumar का बड़ा फैसला: अब राज्यसभा जाऊंगा, बिहार में शुरू हुआ नया राजनीतिक समीकरण


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *