
Kerala Congress 5 guarantees: केरल में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने राज्य की जनता के लिए पांच बड़ी गारंटियों का ऐलान किया है। तिरुवनंतपुरम में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने इन योजनाओं की घोषणा करते हुए कहा कि इनका उद्देश्य सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करना, परिवारों को आर्थिक राहत देना और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना है।
कांग्रेस द्वारा घोषित इन योजनाओं में महिलाओं, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए कई अहम प्रावधान शामिल हैं।
महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा और छात्राओं को सहायता
कांग्रेस की घोषणा के अनुसार महिलाओं को केरल स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (KSRTC) की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाएगी। इसके अलावा कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं को हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का वादा किया गया है। इसका उद्देश्य उच्च शिक्षा के दौरान परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करना है।
सामाजिक पेंशन बढ़ाकर 3000 रुपये करने का वादा
कांग्रेस ने राज्य में मिलने वाली सामाजिक कल्याण पेंशन को बढ़ाकर 3000 रुपये प्रति माह करने की घोषणा की है। पार्टी का कहना है कि इससे बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों को आर्थिक रूप से ज्यादा सुरक्षा मिल सकेगी।
हर परिवार को 25 लाख तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्रस्तावित “ओमन चांडी हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम” के तहत हर परिवार को 25 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा कवर देने की योजना बनाई गई है। इस योजना का नाम पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के नाम पर रखा गया है।
युवाओं को मिलेगा ब्याज-मुक्त लोन
युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कांग्रेस ने 5 लाख रुपये तक का ब्याज-मुक्त ऋण देने का वादा किया है। पार्टी का मानना है कि इससे नए स्टार्टअप शुरू होंगे और राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग विभाग बनाने की योजना
कांग्रेस ने बुजुर्गों के कल्याण और सुरक्षा के लिए एक अलग विभाग बनाने का प्रस्ताव भी रखा है। राहुल गांधी ने कहा कि इन गारंटियों के जरिए केरल के सामाजिक ढांचे को मजबूत किया जाएगा और आम लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
ALSO READ – चंदौली में पुलिया की हालत खराब, ग्रामीणों ने जल्द मरम्मत की उठाई मांग