गौ-रक्षा पर उठ रहे सवालों पर बोले केशव मौर्य: यूपी में गौमाता को खरोंच तक नहीं आने देंगे

Spread the love & Share it

Varanasi News

Varanasi News: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश में गौमाता पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई खरोंच तक नहीं पहुंचा सकता। उन्होंने गौ-रक्षा को लेकर बार-बार उठ रहे सवालों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इस विषय पर प्रदेश में अनावश्यक विवाद खड़ा किया जा रहा है। शुक्रवार को वाराणसी के सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने यह बात कही।

संतों का सम्मान, लेकिन विवाद न बढ़ाएं

डिप्टी सीएम ने कहा कि संत समाज का हमेशा सम्मान किया जाता है, लेकिन उन्हें राजनीतिक विवादों को बढ़ावा नहीं देना चाहिए। उन्होंने यह टिप्पणी स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद द्वारा गो-रक्षा के मुद्दे पर संकल्प यात्रा शुरू करने के सवाल के जवाब में की।

उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कई मुद्दों पर अनर्गल बयानबाजी की जा रही है, जिससे भ्रम फैलाने की कोशिश हो रही है।

भारत पहले से अधिक मजबूत और सुरक्षित

चीन और पाकिस्तान द्वारा भारतीय जमीन कब्जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश पहले से अधिक सशक्त और सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा को लेकर किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है।

बिहार की राजनीति पर भी दिया बयान

बिहार की राजनीति से जुड़े सवाल पर केशव मौर्य ने कहा कि नीतीश कुमार का राज्यसभा जाना एक महत्वपूर्ण निर्णय है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बिहार में मुख्यमंत्री कौन बनेगा, इस पर वह कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।

विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक

उप मुख्यमंत्री आरएसएस के होली मिलन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वाराणसी पहुंचे थे। इस दौरान सर्किट हाउस में उन्होंने अधिकारियों के साथ विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक भी की। बैठक में उन्होंने महिला सशक्तीकरण और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को तेजी से लागू करने के निर्देश दिए।

लखपति दीदी योजना को बढ़ाने के निर्देश

डिप्टी सीएम ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाने के लक्ष्य को एक लाख से बढ़ाकर तीन लाख तक पहुंचाने के लिए प्रयास किए जाएं। अधिकारियों ने जानकारी दी कि जिले में करीब 1.48 लाख स्वयं सहायता समूह की महिलाएं सक्रिय रूप से काम कर रही हैं।

महिलाओं और दिव्यांगों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश

उन्होंने ग्राम पंचायतों में विशेष शिविर लगाकर पात्र दिव्यांग और विधवा महिलाओं को आवास योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। साथ ही बरात घरों के संचालन को स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से कराने और जहां जरूरत हो वहां नए बरात घरों के निर्माण के लिए स्थान चिह्नित करने को कहा।

डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को वित्तीय वर्ष के बजट का पूरा उपयोग सुनिश्चित करते हुए सभी विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर जोर दिया।

ALSO READ – Chandauli News: चकिया के मृत्युंजय गुप्ता बने IAS: पहले ही प्रयास में UPSC में 726वीं रैंक


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *