वाराणसी में पूछताछ के दौरान यूट्यूबरों ने चौकी इंचार्ज से की हाथापाई, बैज नोंचकर फेंका

Spread the love & Share it

Varanasi News

Varanasi News: रामनगर थाना क्षेत्र में सूजाबाद चौकी पर पूछताछ के दौरान दो युवकों द्वारा चौकी इंचार्ज से हाथापाई करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि दोनों ने न केवल पुलिस अधिकारी से धक्का-मुक्की की, बल्कि उनकी वर्दी पर लगा बैज भी नोंचकर सड़क पर फेंक दिया।

इस संबंध में सूजाबाद चौकी इंचार्ज प्रशांत पांडेय की तहरीर पर रामनगर थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

पूछताछ के दौरान हुआ विवाद

चौकी इंचार्ज प्रशांत पांडेय के अनुसार डोमरी क्षेत्र में नगर निगम के पौधरोपण से जुड़े मामले में कथित भ्रामक रिपोर्टिंग के आरोप में नगर निगम की ओर से पहले ही एक मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसी मामले में बयान लेने के लिए चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के कुढ़कला निवासी रवि कुमार को चौकी पर बुलाया गया था।

बताया गया कि रवि कुमार अपने साथी हिमांशु तिवारी, निवासी लाठ नंबर दो, मुगलसराय के साथ चौकी पहुंचे थे।

गाली-गलौज और हाथापाई का आरोप

पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान दोनों युवक अचानक उग्र हो गए और गाली-गलौज करने लगे। आरोप है कि उन्होंने चौकी इंचार्ज को वर्दी उतरवाने तक की धमकी दी और चौकी से बाहर निकलकर सड़क पर हंगामा करने लगे।

इसी दौरान दोनों ने कथित रूप से चौकी इंचार्ज से हाथापाई की और उनकी वर्दी पर लगा बैज नोंचकर सड़क पर फेंक दिया। इस घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ।

दोनों आरोपी बताए जा रहे यूट्यूबर

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी खुद को यूट्यूबर बताते हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद रामनगर थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रामनगर थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।

ALSO READ – मुगलसराय में मिठाई के कारखाने में लगी आग, रिहायशी इलाके में सुरक्षा पर उठे सवाल


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *