
Chandauli News: चंदौली के सैयदराजा थाना क्षेत्र में पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। हाईवे पर जेठमलपुर के पास चेकिंग के दौरान एक ट्रक से 849 पेटी (करीब 7473 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया।
पंजाब से बिहार ले जाई जा रही थी शराब
अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि अवैध शराब की खेप पंजाब से बिहार ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर सैयदराजा थाना पुलिस और स्वाट टीम ने जेठमलपुर के पास हाईवे पर वाहनों की सघन जांच शुरू की।
कागज के रोल के नीचे छिपाई गई थी शराब
जांच के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में ट्रक के अंदर कागज के रोल के नीचे बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गई थी। बरामद शराब की कुल मात्रा 7473 लीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.40 करोड़ रुपये आंकी गई है।
दो तस्कर गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान हरिश्चंद्र और अंकित के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के भोगांव थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पंजाब से शराब लोड कर बिहार में डिलीवरी देने जा रहे थे, जहां उन्हें अच्छा मुनाफा मिलने की उम्मीद थी। इस कार्रवाई में सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा, स्वाट प्रभारी रामजनम यादव सहित अन्य पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही।
ALSO READ – बिहार राज्यसभा चुनाव में बड़ा खेल! पांचवीं सीट पर NDA और RJD आमने-सामने