
Chandauli News: चंदौली में परिवहन विभाग (ARTO) में तैनात एक सिपाही को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उसने ट्रांसपोर्टर से ओवरलोड ट्रकों को पास कराने के नाम पर 90 हजार रुपये ऑनलाइन और नकद वसूले। मामले में पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी सिपाही को जेल भेज दिया है।
ट्रांसपोर्टर ने दर्ज कराई शिकायत
यह मामला सदर कोतवाली क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता सुनील कुमार यादव, निवासी नसीरपुर गांव, थाना नोनहरा (जनपद गाजीपुर) ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी ‘TSY ट्रांसपोर्ट’ कंपनी के तहत करीब 20 ट्रक विभिन्न जिलों से गिट्टी का परिवहन करते हैं।
बॉर्डर पर ट्रक रोककर किया चालान
शिकायत के अनुसार 19 फरवरी की रात चंदौली-मिर्जापुर बॉर्डर पर बरईपुर के पास परिवहन विभाग के सिपाही ने उनकी एक ट्रक (UP61AT9057) को रोक लिया। आरोप है कि सिपाही ने ट्रक को जबरन चंदौली जिले में लाकर उसका चालान कर वाहन सीज कर दिया।
हर महीने 5000 रुपये ‘एंट्री फीस’ का दबाव
पीड़ित ट्रांसपोर्टर का आरोप है कि सिपाही ने प्रति ट्रक हर महीने 5000 रुपये ‘एंट्री फीस’ देने का दबाव बनाया। ट्रांसपोर्टर ने यह भी बताया कि पहले भी एंट्री के नाम पर करीब 90 हजार रुपये ऑनलाइन और कुछ नकद राशि दी जा चुकी है।
पुलिस को सौंपा ऑडियो साक्ष्य
सुनील कुमार यादव ने पुलिस को सिपाही के साथ हुई बातचीत का ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराया, जिसे इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया गया है। पुलिस ने इसी आधार पर आगे की कार्रवाई की।
सिपाही को भेजा गया जेल
इस मामले में सदर कोतवाल विजय बहादुर सिंह ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले की आगे की जांच सीओ सदर देवेंद्र कुमार को सौंपी गई है।