क्या पंडित अवसरवादी हैं? UP पुलिस परीक्षा के सवाल पर अजय राय का BJP पर निशाना

Spread the love & Share it

Varanasi News

UP Police SI Exam: उत्तर प्रदेश पुलिस की सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा के पहले दिन पूछे गए एक सवाल को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। परीक्षा के प्रश्नपत्र का एक हिस्सा सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अभ्यर्थियों और कई संगठनों ने आपत्ति दर्ज कराई। मामला बढ़ने के साथ ही इस पर अब राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं।

दरअसल, परीक्षा में ‘अवसर के अनुसार बदलने वाला’ वाक्यांश के लिए एक शब्द चुनने को कहा गया था। इसके लिए चार विकल्प दिए गए थे, जिनमें ‘पंडित’ शब्द भी शामिल था। इसी विकल्प को लेकर अभ्यर्थियों के बीच नाराजगी देखी गई और देखते ही देखते यह मुद्दा सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।

अजय राय ने सरकार पर साधा निशाना

मामले को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Ajay Rai ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा कि इस तरह के सवाल समाज की भावनाओं को आहत करने वाले हैं और यह एक विशेष मानसिकता को दर्शाते हैं।

अजय राय ने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर ब्राह्मण समाज के प्रति ऐसी सोच क्यों दिखाई जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पहले ‘पंडित’ शब्द को लेकर विवादित फिल्म आई और अब परीक्षा के प्रश्नपत्र में इस तरह का विकल्प दिया जाना भी कई सवाल खड़े करता है।

ब्राह्मण समाज के सम्मान का मुद्दा उठाया

अजय राय ने कहा कि ब्राह्मण समाज ने देश और समाज के लिए हमेशा महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इतिहास में कई ऐसे उदाहरण हैं, जब इस समाज के लोगों ने देश और समाज के लिए संघर्ष किया। ऐसे में किसी प्रतियोगी परीक्षा में इस तरह का विकल्प शामिल करना उचित नहीं माना जा सकता।

उन्होंने मांग की कि सरकार इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराए और यदि कहीं गलती हुई है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करे।

वहीं, भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र को लेकर उठे विवाद के बीच मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने कड़ा रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि किसी भी व्यक्ति, जाति, पंथ या संप्रदाय की आस्था से जुड़े विषयों पर अमर्यादित टिप्पणी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी।

मुख्यमंत्री ने सभी भर्ती बोर्ड के अध्यक्षों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रश्नपत्र तैयार करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि किसी भी समुदाय की मर्यादा या भावनाओं को ठेस न पहुंचे।

ALSO READ – मरीजों की जांच वाली लैब में जाम छलका रहे थे कर्मचारी! वाराणसी जिला अस्पताल का VIDEO वायरल


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *