लालच देकर गुजरात ले जाए जा रहे थे बच्चे, PDDU स्टेशन पर ही पकड़ा गया तस्कर

Spread the love & Share it

Chandauli News

Chandauli News: रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ‘Bachpan Bachao Andolan’ की टीम के साथ संयुक्त अभियान चलाकर छह नाबालिग बच्चों को मानव तस्करी के चंगुल से मुक्त कराया।

यह कार्रवाई सोमवार देर रात प्लेटफॉर्म संख्या 7 पर की गई, जब भागलपुर-सूरत सुपरफास्ट एक्सप्रेस (22948 UP) के जनरल कोच से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया।

झारखंड से गुजरात ले जाए जा रहे थे बच्चे

गिरफ्तार तस्कर की पहचान दिनेश मंडल के रूप में हुई है, जो झारखंड के गोड्डा जिले का निवासी है।

पूछताछ में सामने आया कि सभी बच्चे भी गोड्डा के रहने वाले हैं। आरोपी बच्चों और उनके परिजनों को पैसों का लालच देकर पहले भागलपुर लाया और वहां से गुजरात के वडोदरा ले जा रहा था।

नौकरी का झांसा देकर कर रहा था तस्करी

तस्कर ने बच्चों को बताया था कि उन्हें वडोदरा में एक सोलर प्लांट में 12 घंटे काम करने के बदले हर महीने 18 हजार रुपये मिलेंगे।

यात्रा का पूरा खर्च आरोपी ने खुद उठाया था और बच्चों को जनरल कोच में सफर करा रहा था।

कानून के तहत कार्रवाई

मामला बाल तस्करी का पाए जाने पर BNSS की धारा 105 के तहत पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

सभी बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाने के लिए रेलवे चाइल्ड हेल्प डेस्क को सौंप दिया गया है।

जांच जारी

आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए मुगलसराय कोतवाली के सुपुर्द किया गया है, जहां इस मामले में विस्तृत जांच जारी है। यह अभियान वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त दिनेश सिंह तोमर के निर्देश पर चलाया गया।


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *