
Chandauli News: चंदौली जिला मुख्यालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पर मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने खाली रसोई गैस सिलेंडर लेकर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन का नेतृत्व सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने किया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर कंधों पर उठाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और हंगामा किया। पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह ‘डब्लू’ ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण समाज का हर वर्ग परेशान है।
उन्होंने कहा कि एलपीजी घरेलू गैस सिलेंडर की कालाबाजारी और जमाखोरी बड़े पैमाने पर हो रही है, जिससे आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगें रखीं।
सपा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष और जिला प्रशासन की मिलीभगत से गैस सिलेंडर की कालाबाजारी और जमाखोरी की जा रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री के पूर्व बयान का जिक्र करते हुए कहा कि एलपीजी गैस के इस संकट में वैकल्पिक तकनीक पर भी ध्यान देने की जरूरत है।
सपा नेता मनोज सिंह ‘काका’ ने कहा कि पूरे प्रदेश में गैस सिलेंडर की कमी से लोग परेशान हैं और कई घरों में चूल्हा नहीं जल पा रहा है। उन्होंने मांग की कि सरकार गैस की सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करे या लोगों को खाना पकाने के लिए लकड़ी उपलब्ध कराए।
उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले दिनों में ईद और रामनवमी जैसे पर्व हैं, ऐसे में गैस सिलेंडर की कमी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन सकती है।
इस प्रदर्शन में संतोष यादव, चंद्रशेखर यादव, मुसाफिर चौहान, संजय सोनकर, अजय मौर्या, अशोक त्रिपाठी ‘छोटू’, अशफाक अहमद सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ALSO READ – अब सिर्फ Answer नहीं, हर Step पर मिलेंगे नंबर! UP Board का नया नियम
