
Chandauli News: चंदौली पुलिस की स्वाट टीम ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पिछले 15 दिनों के भीतर टीम ने 4.28 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 22,999 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। इस उल्लेखनीय कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे ने स्वाट टीम को 50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
एसपी ने टीम के हौसले को बढ़ाने और आगे भी इसी तरह निष्ठापूर्वक कार्य करने के लिए यह निर्णय लिया। स्वाट प्रभारी रामजन्म यादव के नेतृत्व में टीम लगातार तस्करों के खिलाफ प्रभावी अभियान चला रही है।
स्वाट टीम की कार्रवाई के तहत 2 मार्च को आलू से लदे एक ट्रक से 1028 पेटी अवैध शराब बरामद की गई। यह शराब आलू की बोरियों के नीचे छिपाई गई थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.68 करोड़ रुपये बताई गई।
इसके बाद 9 मार्च को एक और बड़ी कार्रवाई में कागज के गट्ठरों से लदे ट्रक से 849 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई। इस खेप की कुल मात्रा 7473.6 लीटर और कीमत लगभग 1.40 करोड़ रुपये आंकी गई।
वहीं 14 मार्च को टीम ने नोएडा से बिहार ले जाई जा रही 710 पेटी अवैध शराब बरामद की। यह शराब पुट्टी की बोरियों के पीछे ट्रक में छिपाकर ले जाई जा रही थी। इसकी कुल मात्रा 6325.92 लीटर और कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये बताई गई।
स्वाट टीम के इस लगातार बेहतर प्रदर्शन और तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई को देखते हुए एसपी ने टीम को पुरस्कृत करने का निर्णय लिया है।
ALSO READ – वाराणसी में नाव पर इफ्तार पार्टी, फिर गंगा में हड्डियां फेंकने का आरोप, 14 लोग गिरफ्तार
