
Lucknow News: चैत्र नवरात्र के पावन अवसर से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम ‘योगी की पाती’ लिखकर शुभकामनाएं दीं और समाज में नारी शक्ति की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताया।
अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि मां आदिशक्ति की आराधना का यह पर्व सभी के जीवन में भक्ति, शक्ति और नवचेतना का संचार करे। उन्होंने सनातन नव संवत्सर (वि.सं. 2083) की भी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई दी।
सीएम योगी ने लिखा कि बीते 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश ने विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है और इस परिवर्तन में हर वर्ग का योगदान रहा है। उन्होंने विशेष रूप से नारी शक्ति के योगदान को अतुलनीय बताते हुए कहा कि “वही समाज और प्रदेश सशक्त बनता है, जहां बेटियां सशक्त होती हैं।”
मुख्यमंत्री ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उन्हें नारी शक्ति से संवाद का अवसर मिला, जिसमें सोना कुमारी की कहानी प्रेरणादायक रही। सोना कुमारी ने फूलों की खेती के जरिए आत्मनिर्भरता हासिल करने के साथ ही अपने समूह की कई महिलाओं को रोजगार से जोड़ा।
सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ‘मिशन शक्ति अभियान’, ‘रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना’ और ‘महिला उद्यमी क्रेडिट कार्ड योजना’ जैसी पहलें महिलाओं को सशक्त बना रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश के करीब 20 हजार स्टार्टअप्स में से लगभग आधे का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं।
अंत में मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे बेटियों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए बेटों के समान अवसर देने का संकल्प लें, ताकि विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।
ALSO READ – FDI पॉलिसी अपडेट: चीन से जुड़े छोटे निवेशकों के लिए भारत ने आसान किया रास्ता
