
Varanasi News: उत्तर प्रदेश के वाराणसी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां नाव में बैठकर इफ्तार करने का वीडियो वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और वीडियो में दिख रहे सभी 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में भारतीय जनता युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रजत जयसवाल ने पुलिस को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने 14 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। शिकायतकर्ता ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी, जिसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई की।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने इफ्तार के बाद उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी नेता ने अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।
बताया जा रहा है कि सभी आरोपी गंगा नदी के बीच नाव में बैठकर इफ्तार कर रहे थे। आरोप है कि उन्होंने चिकन बिरयानी खाने के बाद उसकी हड्डियां गंगा में फेंक दीं। इस घटना को पवित्र गंगा को अपवित्र करने और हिंदू भावनाओं के अपमान के रूप में देखा गया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इसमें जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की धारा 295A समेत अन्य धाराएं और जल प्रदूषण निवारण अधिनियम के तहत भी केस शामिल है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि मां गंगा में सनातन धर्म को मानने वाले अनुयायियों की गहरी आस्था है और दुनियाभर से लोग यहां पूजा-अर्चना के लिए आते हैं। ऐसे में इस तरह की घटना को जानबूझकर भावनाएं आहत करने की कोशिश बताया गया है। घटना के बाद विभिन्न हिंदू संगठनों में आक्रोश देखा गया है और उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर की है।
ALSO READ – लालच देकर गुजरात ले जाए जा रहे थे बच्चे, PDDU स्टेशन पर ही पकड़ा गया तस्कर
