
Varanasi News: मंडुआडीह थाना क्षेत्र के भुल्लनपुर इलाके में सोमवार को एक ऐसी वारदात सामने आई जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। नशे के लिए पैसे देने से इनकार करने पर बेटे ने अपनी ही मां पर ईंट और लोहे की सरिया से इतना हमला किया कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास के लोग जब घर पहुंचे तो वहां का खौफनाक मंजर देखकर दहशत में आ गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया।
नशे के पैसों को लेकर शुरू हुआ विवाद
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के भुल्लनपुर इलाके में पंचायत भवन के पास रहने वाली 65 वर्षीय शीला देवी अपने चार बेटों के साथ तीन कमरों के मकान में रहती थीं। परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। बड़े तीनों बेटे रामबाबू, दिनेश और बहादुर—मजदूरी करके परिवार चलाते हैं। उनकी पत्नियां भी दूसरों के घरों में काम करती हैं। परिवार का खर्च चलाने के लिए शीला देवी खुद भी लोगों के घरों में बर्तन साफ करती थीं।
सबसे छोटा बेटा घनश्याम (25) अविवाहित है और किसी तरह का काम नहीं करता। परिजनों के मुताबिक वह लंबे समय से नशे का आदी है और अक्सर अपनी मां से शराब के लिए पैसे मांगता रहता था।
पैसे नहीं मिले तो बन गया हैवान
सोमवार की शाम शीला देवी काम करके घर लौटी थीं। उसी समय घनश्याम ने उनसे शराब पीने के लिए रुपये मांगे। काफी जिद करने के बाद मां ने उसे कुछ रुपये दे दिए। लेकिन वह और पैसे की मांग करता रहा। जब शीला देवी ने बार-बार मना किया तो वह गुस्से में बेकाबू हो गया।
गुस्से में उसने घर में पड़ी ईंट और लोहे की सरिया उठा ली और अपनी मां पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। शीला देवी दर्द से चीखती रहीं, लेकिन वह नहीं रुका और तब तक वार करता रहा जब तक उनकी मौत नहीं हो गई। हमला इतना भयावह था कि उनका सिर बुरी तरह कुचल गया और आंखें तक बाहर निकल आई थीं।
पड़ोसियों ने देखा खौफनाक मंजर
घटना के समय घर में अन्य सदस्य मौजूद नहीं थे। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों ने पहले इसे रोज होने वाली घरेलू लड़ाई समझकर नजरअंदाज कर दिया। लेकिन कुछ देर बाद जब घर से अचानक सन्नाटा हो गया तो लोगों को शक हुआ।
जब लोग घर के पास पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। घर के दरवाजे के पास शीला देवी का शव पड़ा था और आरोपी घनश्याम खून को हाथों में लेकर अपने मुंह में भर रहा था। यह दृश्य देखकर कोई भी उसके पास जाने की हिम्मत नहीं कर सका।
पुलिस से भी उलझ पड़ा आरोपी
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने जब आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो वह पुलिसकर्मियों पर भी हमलावर हो गया और उन्हें जान से मारने की धमकी देने लगा। कुछ देर बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और उसे काबू में लेकर हिरासत में ले लिया। मौके पर प्रमोद कुमार, नीतू और संजीव शर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
सबूत मिटाने की कोशिश भी
स्थानीय लोगों के अनुसार हत्या के बाद आरोपी ने घर में फैले खून को पानी से धोकर सबूत मिटाने की कोशिश की। घर की नाली से खून मिला पानी बाहर बहता हुआ दिखाई दे रहा था। पुलिस के साथ पहुंची फोरेंसिक टीम ने हत्या में प्रयुक्त ईंट, लोहे की सरिया और अन्य साक्ष्य कब्जे में ले लिए हैं।
नशे की मानसिकता पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि घनश्याम लंबे समय से नशे का आदी था और अक्सर घर में विवाद करता था। उसकी आदतों से परिवार और पड़ोसी पहले से ही परेशान थे। यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि नशे की लत किस तरह इंसान की सोच और व्यवहार को बदल देती है और कई बार वह अपने ही रिश्तों को खत्म करने तक पहुंच जाता है।
ALSO READ – नौकरी पाने का सुनहरा मौका, चंदौली में 17 मार्च से 8 ब्लॉकों में रोजगार शिविर
