
Chandauli News: चंदौली लोकसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद वीरेंद्र सिंह ने संसद में रेल संबंधी महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करते हुए कई मांगें उठाईं। सांसद ने विशेष रूप से चंदौली जिले के सकलडीहा, धीना और तुलसी आश्रम स्टेशनों पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की आवश्यकता पर जोर दिया।
सांसद ने चंदौली जिला मुख्यालय स्टेशन से लखनऊ के लिए सुपरफास्ट शटल ट्रेन चलाने का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि इससे क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और समय की बचत होगी।
वीरेंद्र सिंह ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन के समुचित विकास न होने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने जंक्शन के सौंदर्यीकरण, विस्तारीकरण और विश्वस्तरीय सुविधाओं से आधुनिकीकरण की आवश्यकता पर बल दिया।
सांसद ने ग्रामीण स्टेशनों धीना, सकलडीहा, तुलसी आश्रम और सैयदराजा पर यात्री सुविधाएँ बढ़ाने और ट्रेनों के ठहराव की भी मांग की। उनका तर्क था कि इससे ग्रामीण क्षेत्र के मजदूरों, किसानों और आम लोगों को आवागमन में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी।
इसके अलावा, उन्होंने मुगलसराय-पटना रेलमार्ग पर डेढ़गाँवा, बहोरा और नूरी गाँव के बीच अंडरपास बनाने की भी मांग की, जिससे दोनों ओर खेती करने वाले किसानों को सुविधा मिल सके। सांसद ने कहा कि वह जनता और किसानों की समस्याओं के लिए संसद में लगातार आवाज उठाते रहेंगे।
ALSO READ – बिस्कुट-चिप्स के बीच छिपाकर लेकर जा रहे थे 55 किलो गांजा, दो तस्कर गिरफ्तार
