
DGCA Free seat selection policy: हवाई यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने एयरलाइंस द्वारा सीट चयन शुल्क को लेकर हो रही मनमानी पर रोक लगाने के लिए अहम फैसला लिया है। अब हर उड़ान में कम से कम 60 प्रतिशत सीटें यात्रियों को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के उपलब्ध कराई जाएंगी।
प्रेस सूचना ब्यूरो द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, नागरिक उड्डयन मंत्रालय की प्राथमिकता यात्रियों को बेहतर सुविधा और पारदर्शी सेवाएं प्रदान करना है। इसी दिशा में यह निर्णय लिया गया है, जिससे यात्रियों को आर्थिक राहत के साथ बेहतर अनुभव मिल सके।
सरकार ने हवाई यात्रा को अधिक किफायती और सुविधाजनक बनाने के लिए कई नई पहलें भी शुरू की हैं। इनमें ‘उड़ान यात्री कैफे’ के माध्यम से सस्ती दरों पर भोजन, ‘फ्लाईब्ररी’ के जरिए मुफ्त किताबें और एयरपोर्ट पर मुफ्त वाई-फाई जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
DGCA ने एयरलाइंस के लिए कई सख्त दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। अब एक ही PNR पर यात्रा करने वाले यात्रियों को साथ बैठाने की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। साथ ही खेल उपकरण और म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट के परिवहन में पारदर्शिता लाना, पालतू जानवरों के ट्रांसपोर्ट के लिए स्पष्ट नीति बनाना और फ्लाइट देरी, रद्दीकरण या बोर्डिंग से इनकार की स्थिति में यात्री अधिकारों का सख्ती से पालन करना अनिवार्य होगा।
इसके अलावा, एयरलाइंस को अपनी वेबसाइट, मोबाइल ऐप और एयरपोर्ट काउंटर पर यात्रियों के अधिकार स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने होंगे। क्षेत्रीय भाषाओं में भी इन अधिकारों की जानकारी देना जरूरी किया गया है।
इस फैसले से न केवल यात्रियों को आर्थिक राहत मिलेगी, बल्कि हवाई यात्रा का अनुभव भी पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक होने की उम्मीद है।
