
Chandauli News: चंदौली में ईद-उल-फितर का पर्व शनिवार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिले भर के विभिन्न ईदगाहों पर हजारों नमाजियों ने एक साथ नमाज अदा की और देश में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी।
ईद के मद्देनजर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। सभी प्रमुख ईदगाहों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। इसके साथ ही संवेदनशील इलाकों में ड्रोन के जरिए निगरानी भी की गई, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि जनपद में ईद की नमाज सकुशल संपन्न हो गई और सभी नमाजी शांतिपूर्वक अपने घरों को लौट गए। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम पूरे दिन अलर्ट मोड में रही और अराजक तत्वों पर विशेष नजर रखी गई।
नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी। पूरे क्षेत्र में भाईचारे और सौहार्द का माहौल देखने को मिला।
जिले के सकलडीहा रोड स्थित ईदगाह पर सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली, जबकि मुगलसराय, अलीनगर, लौदा, सोहदवार और सैयदराजा के ईदगाहों पर भी नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। प्रशासन की मुस्तैदी और लोगों के सहयोग से इस बार ईद का पर्व पूरी तरह शांति और व्यवस्था के साथ संपन्न हुआ।
ALSO READ – ROB स्लैब गिरने का सच आया सामने! ठेकेदार की गलती, अधिकारियों को मिली क्लीन चिट
