वाराणसी: फ्री सब्जी न देने पर PAC जवान ने दंपती को पीटा, महिला का सिर फूटा

Spread the love & Share it

Varanasi News

Varanasi News: मंडुआडीह थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां सब्जी के दाम को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि पीएसी के एक जवान ने अपने साथी के साथ मिलकर सब्जी विक्रेता दंपती पर लोहे की रॉड और लाठियों से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, भुल्लनपुर स्थित पीएसी वाहिनी में तैनात सिपाही आशुतोष कुमार सिंह अपने एक साथी के साथ मंडुवाडीह बाजार में सब्जी खरीदने पहुंचा था। इस दौरान उसने दुकानदार राधेश्याम बिंद (45) से कम दाम में सब्जी देने की मांग की। दुकानदार द्वारा इनकार करने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के बाद सिपाही कुछ समय के लिए वहां से चला गया, लेकिन शाम को लोहे की रॉड लेकर वापस लौटा और राधेश्याम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में दुकानदार गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया और उसकी दुकान पर रखी सब्जियां भी बिखर गईं।

पति को पिटता देख उसकी पत्नी गीता बिंद (40) उसे बचाने के लिए बीच में आ गईं, लेकिन आरोपी जवान ने उन्हें भी नहीं बख्शा। आरोप है कि महिला को धक्का देकर गिराया गया और उसके सिर पर भी कई वार किए गए, जिससे वह लहूलुहान हो गईं। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि महिला अपने घायल पति को बचाने के लिए उसके ऊपर लेट गई, बावजूद इसके हमला जारी रहा।

घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और बीच-बचाव करते हुए आरोपी जवान को पकड़ लिया। इस दौरान लोगों ने उसकी पिटाई भी कर दी, जिससे वह भी घायल हो गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दंपती सहित आरोपी को इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार महिला के सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

घटना से क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। पीड़ित राधेश्याम के परिजनों ने बताया कि परिवार में तीन बेटियां हैं, जिनमें से एक की शादी हो चुकी है। इस घटना के बाद परिवार पूरी तरह से सदमे में है।

मंडुआडीह थाने के इंस्पेक्टर विद्या शंकर शुक्ला ने बताया कि आरोपी सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं एसीपी रोहनियां संजीव शर्मा ने कहा कि सभी घायलों का इलाज जारी है और मामले की जांच की जा रही है।

ALSO READ – लतीफशाह में नहाते वक्त दो किशोर डूबे, एक की मौत, दूसरे की तलाश जारी


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *