
Chandauli News: चंदौली में अलीनगर थाना पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नकली करेंसी बनाने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मानस नगर कॉलोनी स्थित एक मकान से नकली नोट छापने का पूरा सेटअप बरामद किया है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 100 रुपये के 55 नकली नोट, 57 अधबने नोट, तीन प्रिंटर, एक लैपटॉप और अन्य उपकरण जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में एक आरोपी के साथ दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है।
सीओ मुगलसराय अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक मकान में नकली नोट छापे जा रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने तत्काल छापा मारकर इस फर्जीवाड़े का खुलासा किया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी उधम सिंह यादव (निवासी महदेवा अमिलाई, बलुआ) ने बताया कि उसने नकली नोट बनाने की तकनीक गूगल और यूट्यूब से सीखी थी। आरोपी 3500 रुपये के नकली नोट के बदले 1000 रुपये असली लेकर लोगों को ठगता था। पुलिस अब इस गिरोह के नेटवर्क और अन्य संभावित साथियों की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की जांच जारी है।
ALSO READ – योगी कैबिनेट के 35 बड़े फैसले: किसानों को MSP बढ़ोतरी, गोरखपुर बनेगा सोलर सिटी
