
Chandauli News: चंदौली के सदर तहसील परिसर और कचहरी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। मंगलवार दोपहर तहसील के पूर्वी गेट से एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल चोरी हो गई। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें एक संदिग्ध युवक बाइक लेकर जाते हुए दिखाई दे रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम मुस्तफापुर निवासी रफीक अहमद किसी जरूरी कार्य से सदर तहसील पहुंचे थे। उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल (UP67 U 6467) तहसील के पूर्वी गेट के पास खड़ी की और एक अधिवक्ता से मिलने कचहरी के अंदर चले गए।
कुछ देर बाद जब रफीक अहमद वापस लौटे, तो उनकी बाइक वहां से गायब थी। बाइक न मिलने पर उन्होंने तत्काल आसपास के दुकानदारों और मौजूद लोगों से पूछताछ की, लेकिन किसी को घटना की जानकारी नहीं थी।

घटना के बाद पीड़ित ने चंदौली कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और आसपास के बाजार एवं क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली।
जांच के दौरान CCTV फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल ले जाते हुए साफ नजर आया है। इसके आधार पर पुलिस ने चोर की पहचान करने और उसे पकड़ने के लिए अभियान तेज कर दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सदर तहसील और कचहरी परिसर के आसपास वाहन चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे वादकारियों और आम नागरिकों में भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई जाए और पार्किंग स्थलों पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपी को पकड़ने का दावा कर रही है।
ALSO READ – Exam Copy में इमोशनल ड्रामा! सर पास कर दीजिए, वरना तिलक कम चढ़ेगा… नंबर बढ़वाने की नई स्ट्रेटेजी
