
Chandauli News: चंदौली के धानापुर थाना क्षेत्र में बीते वर्ष हुए चर्चित बस संचालक हत्याकांड में मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। आरोपी की लगातार फरारी और जांच में सहयोग न करने से पुलिस की चिंता बढ़ गई है। संभावित आपराधिक गतिविधियों की आशंका के चलते पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रायपुर गांव निवासी बस संचालक राजकुमार यादव उर्फ मुट्टुन की 1 मई को धानापुर बस स्टैंड तिराहा पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात में मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह उर्फ रामनाथ उर्फ पहलवान सिंह, निवासी महुवर कला, घटना के बाद से ही फरार चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अभिषेक सिंह को मुट्टुन हत्याकांड और चकिया में हुई मुठभेड़ के मामले में न्यायालय से अग्रिम जमानत (Anticipatory Bail) मिल चुकी है। इसके बावजूद वह विवेचना में सहयोग नहीं कर रहा और लगातार पुलिस से बचता फिर रहा है।
धानापुर पुलिस ने आरोपी के बयान दर्ज कराने के लिए उसके घर पर तीन बार नोटिस चस्पा किया, लेकिन हर बार वह फरार ही मिला। पुलिस का कहना है कि आरोपी जानबूझकर जांच प्रक्रिया से बच रहा है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को आशंका है कि फरार आरोपी किसी अन्य आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है, जिससे धानापुर सहित पूरे जिले का माहौल बिगड़ सकता है। इसी खतरे को देखते हुए पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी कर उसका बयान दर्ज किया जाएगा, ताकि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
ALSO READ – चंदौली तहसील गेट से दिनदहाड़े बाइक चोरी, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
