
Chandauli News: डीडीयू रेलवे यार्ड के सिकटिया क्षेत्र में गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। आरोप है कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उसे समय पर इलाज नहीं मिल सका।
ट्रेन की चपेट में आने से कटा पैर
मृतक की पहचान काली महाल निवासी दीपक के रूप में हुई है, जो स्थानीय स्तर पर वेंडर का काम करता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 8:30 बजे विक्रमशिला एक्सप्रेस यार्ड से रवाना हो रही थी, तभी दीपक उसकी चपेट में आ गया। हादसे में उसका एक पैर कट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
इलाज में देरी का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद दीपक को तुरंत अस्पताल नहीं पहुंचाया गया। वह करीब ढाई घंटे तक मौके पर ही दर्द से कराहता रहा, लेकिन उसे समय पर चिकित्सा सहायता नहीं मिल सकी। लोगों का कहना है कि अगर समय पर इलाज मिलता, तो उसकी जान बचाई जा सकती थी।
RPF पर लापरवाही के गंभीर आरोप
घटना के बाद मौके पर मौजूद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के कर्मियों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि तत्काल मदद के बजाय निष्क्रियता दिखाई गई, जिससे लोगों में नाराजगी है।
फर्जी आईडी मिलने से उठे नए सवाल
जांच के दौरान दीपक के पास से एक फर्जी आईडी कार्ड बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि वह शैलेश चौरसिया के स्टॉल पर वेंडर के रूप में कार्य करता था। इस खुलासे के बाद रेलवे परिसर में अवैध वेंडरों की मौजूदगी को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
घटना के बाद मौके पर जुटी भीड़
सूचना मिलने पर सभासद प्रतिनिधि नितिन गुप्ता मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। वहीं, दीपक की मौत की खबर मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए, जिससे परिवार में शोक का माहौल है।
ALSO READ – अयोध्या में रामलला का महाजन्मोत्सव: 12 बजे होगा दिव्य सूर्य तिलक
