जेवर में इतिहास: PM मोदी ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का किया उद्घाटन, UP बना 5 इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाला राज्य

Spread the love & Share it

Noida International Airport Inaugurated

Noida International Airport Inaugurated: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर स्थित जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन कर दिया। इसके साथ ही राज्य को अपना 5वां अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा मिल गया है, जो कनेक्टिविटी और विकास के लिहाज से बड़ा मील का पत्थर माना जा रहा है।

कार्गो टर्मिनल और MRO सुविधा का भी शुभारंभ

प्रधानमंत्री ने एयरपोर्ट के साथ-साथ कार्गो टर्मिनल का उद्घाटन किया और एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल (MRO) सुविधा का शिलान्यास भी किया। इससे न केवल हवाई सेवाएं मजबूत होंगी, बल्कि रोजगार और इंडस्ट्रियल ग्रोथ को भी बढ़ावा मिलेगा।

11,200 करोड़ की लागत से तैयार पहला चरण

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश की सबसे बड़ी ग्रीनफील्ड परियोजनाओं में से एक है। इसे चार चरणों में करीब 29,560 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा है, जिसमें पहले चरण पर लगभग 11,200 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। यह परियोजना पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत विकसित की गई है।

कई शहरों को मिलेगा सीधा लाभ

इस एयरपोर्ट से नोएडा, ग्रेटर नोएडा के साथ-साथ अलीगढ़, मथुरा, आगरा, दिल्ली, गाजियाबाद और फरीदाबाद के लोगों को भी सीधा फायदा मिलेगा। इससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी और व्यापार-पर्यटन को नई गति मिलेगी।

PM मोदी बोले—‘एयरपोर्ट युवाओं को देगा नई उड़ान’

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि यह एयरपोर्ट युवाओं के भविष्य को नई उड़ान देने वाला प्रोजेक्ट है। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए गर्व का विषय है कि जिस परियोजना का शिलान्यास उन्होंने किया था, उसी का उद्घाटन करने का अवसर भी मिला।

‘नया यूपी, नए भारत की पहचान’ – योगी आदित्यनाथ

कार्यक्रम में मौजूद Yogi Adityanath ने कहा कि यह एयरपोर्ट उत्तर प्रदेश के विकास का नया रनवे है। उन्होंने इसे ‘नए भारत के नए उत्तर प्रदेश’ की पहचान बताते हुए कहा कि इससे युवाओं के सपनों को नई दिशा मिलेगी और प्रदेश वैश्विक कनेक्टिविटी का हब बनेगा।

देश के बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में शामिल

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को भारत के सबसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में गिना जा रहा है। साल 2018 में इसे केंद्र सरकार से सैद्धांतिक मंजूरी मिली थी और अब इसका पहला चरण पूरी तरह तैयार हो चुका है।

प्रदेश में पहले से मौजूद 4 इंटरनेशनल एयरपोर्ट

इस एयरपोर्ट के साथ उत्तर प्रदेश में अब कुल 5 इंटरनेशनल एयरपोर्ट हो गए हैं। इनमें लखनऊ का चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट, वाराणसी का लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अयोध्या का महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट और कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट शामिल हैं।

ALSO READ – निपुण भारत मिशन में चमका सकलडीहा: चंदौली में शिक्षकों को मिला सम्मान


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *