
Chandauli News: चंदौली के कलेक्ट्रेट में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एस राजलिंगम ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई अनुभागों में गंभीर खामियां सामने आईं, जिस पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
GPF और सेवा सत्यापन में मिली बड़ी गड़बड़ी
निरीक्षण के दौरान जीपीएफ पासबुक अपडेट न होने और कर्मचारियों के सेवा सत्यापन में भारी अनियमितताएं पाई गईं। खासतौर पर वर्ष 2024 के बाद नियुक्त कर्मचारियों की सेवा का सत्यापन न होना गंभीर लापरवाही मानी गई, जिस पर कमिश्नर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
अभिलेखागार और भूलेख अनुभाग में भी खामियां
मंडलायुक्त ने एडीएम न्यायिक न्यायालय, नजारत अनुभाग, अभिलेखागार और भूलेख अनुभाग का गहन निरीक्षण किया। अभिलेखागार में भूलेख, नकल और नक्शा जारी करने की प्रक्रिया में अनियमितताएं पाई गईं, जिससे आम जनता को होने वाली परेशानियों पर भी चिंता जताई गई।
अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश
लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए कमिश्नर ने प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट विनय कुमार से स्पष्टीकरण तलब किया। वहीं, नाजीर आशीष सिंह को भविष्य में दोबारा गलती न करने के लिए प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए गए।
सेवा पुस्तिका और पेंशन मामलों की भी समीक्षा
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाओं के रखरखाव और सेवानिवृत्त कर्मियों को मिलने वाले लाभों की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आम जनता की शिकायतों का प्राथमिकता और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। इस दौरान डीएम चंद्रमोहन गर्ग, R Jagat Sai, एडीएम रतन वर्मा, एसडीएम दिव्या ओझा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
ALSO READ – पुलिस को 5 साल तक चकमा देता रहा ‘देवता’ चला रहा था करोड़ों का जुआ सिंडिकेट
