
Chandauli News: यूपी और बिहार के बीच कर्मनाशा नदी पर जल्द नए पुल का निर्माण कार्य शुरू होगा। इससे न केवल जिले के लोगों को फायदा होगा बल्कि ग्रामीण क्षेत्र से बिहार भी आना जाना आसान हो जाएगा। इसके लिए चकिया विधानसभा क्षेत्र के नरहन और मैढ़ी गांव के बीच कर्मनाशा नदी पर बनने वाले इस पुल के लिए शासन से स्वीकृति मिलने के साथ ही सेतु निगम को घन आवंटित कर दिया गया है।
इस पुल के बन जाने से पूर्वी उत्तर प्रदेश से बिहार को जोड़ने के लिए यह रास्ता और सुगम हो जाएगा। चंदौली जिला मुख्यालय से नवहीं, मैढ़ी, अलहलादपुर, नरहन, धरौली और राजा बजार होते हुए बिहार के लिए रास्ता गया हुआ है। जिस पर अलहदादपुर और नरहन के बीच कर्मनाशा नदी पर वर्षों पुराना पुल बना हुआ है जो जर्जर हो चुका है।
बाढ़ के दौरान आवागमन भी ठप कर दिया गया था। जिससे ग्रामीणों का संपर्क मार्ग कट गया था। इसे देखते हुए क्षेत्रीय ग्रामीणों ने विधायक कैलाश आचार्य से नए पुल निर्माण की मांग लंबे समय से कर रहे थे। ताकि आवागमन की सुविधा मिल सके। इसके बाद विधायक ने शासन में पत्राचार करते हुए पुल निर्माण की मांग की थी। जिसको अमलीजामा पहनाते हुए शासन ने पुल निर्माण को स्वीकृति देने के साथ ही 27 करोड़ 86 लाख रुपए की धनराशि आवंटित कर दी गई है।
पुल हो गया था जर्जर, अब आवागमन में होगी राहत
विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि कर्मनाशा नदी पर बना पुल काफी जर्जर हो गया था। बाढ़ और बारिश के दिनों में नदी के उफान पर होने के कारण आवागमन के समय हमेशा खतरा बना रहता था। क्षेत्रीय ग्रामीण काफी समय से इस पर नए पुल के निर्माण की मांग कर रहे थे।
लोगों की मांग पर इसका प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया था। अब वहां से इसकी स्वीकृति मिलने के साथ ही धन भी जारी हो गया है। नए पुल का निर्माण कार्य जल्द ही सेतु निगम शुरू कराएगा। इससे यूपी और बिहार के लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।
ALSO READ – सकलडीहा CHC में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, लीवर-किडनी टेस्ट से लेकर 70 तरह की जांच मुफ्त
