तमिलनाडु चुनाव में BJP का बड़ा दांव! 27 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी, 5 महिलाओं को मौका

Spread the love & Share it

Tamil Nadu Election 2026

Tamil Nadu Election 2026: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने 27 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में राज्य के कई प्रमुख नेताओं को मैदान में उतारा गया है, साथ ही 5 महिला उम्मीदवारों को भी टिकट देकर पार्टी ने महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया है।

प्रमुख चेहरों पर BJP का भरोसा

भाजपा की इस सूची में कई बड़े नाम शामिल हैं। पूर्व राज्यपाल और वरिष्ठ नेता तमिलिसाई सुंदरराजन को मायलापुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।

वहीं, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन को सत्तूर से टिकट मिला है। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन को कोयंबटूर उत्तर सीट से मैदान में उतारा गया है। इसके अलावा केंद्रीय राज्य मंत्री एल. मुरुगन को अविनाशी (आरक्षित) सीट से चुनाव लड़ने का मौका दिया गया है।

अन्नामलाई का नाम सूची से बाहर

लंबे समय से यह चर्चा थी कि तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष अन्नामलाई इस बार चुनाव लड़ सकते हैं, लेकिन जारी सूची में उनका नाम शामिल नहीं है।

सूत्रों के अनुसार, अन्नामलाई कोयंबटूर नॉर्थ सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन यह सीट पहले से ही वनथी श्रीनिवासन के पास होने के कारण समीकरण नहीं बन पाया।

एनडीए गठबंधन के साथ मैदान में BJP

तमिलनाडु में भाजपा, ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) के साथ मिलकर चुनाव लड़ रही है। इसके अलावा एनडीए गठबंधन में पीएमके, तमिल मनीला कांग्रेस और एएमएमके जैसी क्षेत्रीय पार्टियां भी शामिल हैं। इस बार राज्य में मुख्य मुकाबला एनडीए और डीएमके के बीच माना जा रहा है।

PM मोदी करेंगे ताबड़तोड़ प्रचार

चुनाव को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सक्रिय हो गए हैं। वे तमिलनाडु में पार्टी और गठबंधन प्रत्याशियों के समर्थन में चुनाव प्रचार को गति देंगे। इसके साथ ही वे चेन्नई में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति को धार देंगे।

23 अप्रैल को मतदान, 4 मई को नतीजे

तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा। नामांकन की अंतिम तिथि 6 अप्रैल है, जबकि 9 अप्रैल तक उम्मीदवार नाम वापस ले सकते हैं। मतगणना 4 मई को होगी, जब चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

मतदाताओं का बड़ा आंकड़ा

इस बार राज्य में कुल 5.67 करोड़ से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इनमें 12.5 लाख से अधिक मतदाता पहली बार वोट डालेंगे। चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग ने राज्यभर में 75 हजार से अधिक मतदान केंद्र स्थापित किए हैं।

कड़ा मुकाबला तय

तमिलनाडु में इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प होने जा रहा है। भाजपा और उसके सहयोगी जहां सत्ता में वापसी की कोशिश में हैं, वहीं डीएमके अपनी पकड़ बनाए रखने के लिए पूरी ताकत झोंक रही है।

ALSO READ – वाराणसी में कोडीन कफ सिरप के मास्टरमाइंड के सहयोगी विजय गुप्ता की संपत्ति कुर्क


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *