
Varanasi News: काशी के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल काल भैरव मंदिर क्षेत्र में इन दिनों जेबकतरा गिरोह सक्रिय हो गया है। भीड़-भाड़ का फायदा उठाकर शातिर बदमाश स्थानीय लोगों और पर्यटकों को निशाना बना रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि मंदिर के आसपास हर दिन चोरी की घटनाएं सामने आ रही हैं।
रविवार को चौखंभा निवासी युवती आकृति जौहरी इस गिरोह का शिकार हो गईं। वह काल भैरव मंदिर के पीछे से होते हुए भाट गली पहुंची थीं, तभी उन्हें पता चला कि उनका पिट्ठू बैग ब्लेड से काट दिया गया है। बैग से 3 हजार रुपये, क्रेडिट कार्ड, आधार कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज गायब थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई एक-दो दिन की घटना नहीं है, बल्कि पिछले कुछ समय से मंदिर परिसर और आसपास की गलियों में जेबकतरे लगातार सक्रिय हैं। खासकर भीड़ वाले इलाकों में ये गिरोह बेहद सफाई से वारदात को अंजाम दे रहा है।
इन दिनों काशी में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिसमें काल भैरव मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर के आसपास सबसे ज्यादा भीड़ रहती है। इसी भीड़ का फायदा उठाकर अपराधी आसानी से लोगों के बैग काटकर पैसे और कीमती सामान उड़ा लेते हैं।
इस तरह की घटनाओं से न केवल स्थानीय लोग बल्कि बाहर से आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक भी परेशान हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए और जेबकतरा गिरोह पर सख्त कार्रवाई की जाए।
ALSO READ – चंदौली में CSC पर बड़ा एक्शन: 10 केंद्र बंद, फर्जी संचालन और ज्यादा शुल्क वसूली पर कार्रवाई
