
Chandauli News: डीडीयू नगर (मुगलसराय) रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक यात्री चलती ट्रेन के नीचे गिर गया। हैरानी की बात यह रही कि वह पूरी तरह सुरक्षित बच गया और उसे खरोंच तक नहीं आई। घटना रात करीब 10 बजे की है, जब प्लेटफार्म संख्या तीन पर आनंद विहार-पुरी नीलांचल एक्सप्रेस पहुंची और निर्धारित ठहराव के बाद आगे बढ़ गई।
इसी दौरान एक यात्री अचानक ट्रेन के नीचे गिर गया। प्लेटफार्म संख्या दो पर ड्यूटी कर रहे मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक अक्षय कुमार की नजर जैसे ही उस पर पड़ी, उन्होंने तुरंत शोर मचाते हुए यात्री को पेट के बल लेटे रहने और बिल्कुल न हिलने का इशारा किया। उनकी सूझबूझ ने बड़ी दुर्घटना को टाल दिया।
अक्षय कुमार की आवाज सुनकर मौके पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी की टीम भी पहुंच गई। तत्काल ट्रेन में चेन पुलिंग कर उसे रोका गया और यात्री को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पूछताछ में यात्री ने अपना नाम वीरेंद्र कुमार, निवासी मोतिहारी (बिहार) बताया। उसने कहा कि धक्का लगने से वह ट्रेन के नीचे गिर गया था। हालांकि, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि युवक खुद ही ट्रेन के नीचे आया था।
इस घटना के बाद मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक अक्षय कुमार की सूझबूझ और तत्परता की जमकर सराहना हो रही है। आरपीएफ निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत ने बताया कि समय रहते कार्रवाई कर यात्री की जान बचा ली गई।
ALSO READ – वाराणसी में जेबकतरे बेखौफ! काल भैरव मंदिर के आसपास बैग काटकर उड़ा रहे रुपये
