
Chandauli News: पूर्वांचल में गो तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच सैयदराजा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो बेहद सुनियोजित और चौंकाने वाले तरीके से तस्करी को अंजाम दे रहा था। इस मामले में पहली बार एक महिला तस्कर की गिरफ्तारी हुई है, जिसने पूरे नेटवर्क का राज खोल दिया है।
पुलिस जांच के मुताबिक, यह गिरोह वाराणसी के ग्रामीण क्षेत्रों से दलालों के जरिए मवेशियों की खरीद करता था। इसके बाद मवेशियों को पिकअप वाहनों के माध्यम से बिहार सीमा तक पहुंचाया जाता था।
गिरोह की कार्यप्रणाली बेहद अलग और चालाक थी। हर बार केवल एक ही मवेशी को वाहन में लादा जाता था, जिससे यह सामान्य परिवहन जैसा प्रतीत हो और किसी को संदेह न हो।
सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि वाहन में चालक के साथ एक महिला को बैठाया जाता था। महिला की मौजूदगी के कारण पुलिस चेकिंग के दौरान गाड़ी पर शक कम होता था और उसे आसानी से आगे बढ़ने दिया जाता था।
गिरफ्तार महिला ने शुरुआती पूछताछ में खुद को मायके मवेशी ले जाने की बात कही, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरे गिरोह के काम करने के तरीके और नेटवर्क का खुलासा कर दिया।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान महिला, चालक, एक मवेशी और पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि एक मवेशी को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए महिला को लगभग 1000 रुपये, जबकि चालक और वाहन मालिक को करीब 5000 रुपये मिलते थे।
प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि यह नेटवर्क वाराणसी से लेकर बिहार सीमा तक सक्रिय है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे गिरोह की कड़ियों को जोड़कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
ALSO READ – मेरी उम्मीदवारी खत्म करने की कोशिश – ममता बनर्जी का BJP और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप
