
Chandauli News: चंदौली के सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बनौली खुर्द गांव के सीवान में शनिवार शाम अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। इस हादसे में करीब पांच बीघा गेहूं की खड़ी फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम के समय अचानक खेतों से आग की तेज लपटें उठने लगीं। आग की सूचना मिलते ही बनौली, डिग्घी और बसीला गांव के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। तेज हवा और आग की तीव्रता के कारण शुरुआती समय में स्थिति काफी गंभीर हो गई थी।
हालांकि, ग्रामीणों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग पर नियंत्रण पाने में ग्रामीणों को काफी समय और प्रयास करना पड़ा।
घटना के लगभग 40 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। तब तक आग बुझ चुकी थी, जिसके बाद टीम ने औपचारिकता के तौर पर राख पर पानी डालकर स्थिति का जायजा लिया। फायर ब्रिगेड के देर से पहुंचने पर ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।
ग्रामीणों के अनुसार, इस आगजनी में आधा दर्जन छोटे किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। बनौली खुर्द गांव के दीनानाथ सिंह, सीताराम सिंह, प्रमोद सिंह उर्फ बबलू और ग्राम प्रधान आशुतोष यादव ने जिला प्रशासन से प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि छोटे किसान होने के कारण फसल का नुकसान उनके लिए गंभीर आर्थिक संकट पैदा कर सकता है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल राहत और सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है।
ALSO READ – पूर्वांचल में पहली बार महिला गो तस्कर गिरफ्तार,एक मवेशी– एक गाड़ी का खेल बेनकाब
