विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने में मीडिया की भूमिका अहम – प्रो. मोहम्मद फरियाद

Spread the love & Share it

Varanasi

Varanasi: महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में सोमवार को “2047 विकसित उत्तर प्रदेश के संकल्प में मीडिया की भूमिका” विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता मौलाना आजाद राष्ट्रीय उर्दू विश्वविद्यालय, हैदराबाद के स्कूल ऑफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन के संकायाध्यक्ष प्रो. मोहम्मद फरियाद रहे।

प्रो. फरियाद ने कहा कि विकसित उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को प्राप्त करने में मीडिया की भूमिका निर्णायक होगी, क्योंकि मीडिया विकास और परिवर्तन की धारा को दिशा देती है। उन्होंने कहा, मीडिया दोधारी तलवार ह। यह विकास भी कर सकती है और पतन भी। इसलिए जरूरत है कि इसका सदुपयोग किया जाए।

उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि मीडिया को सतत विकास, जनहित और सकारात्मक ख़बरों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा, जब तक समाज के अंतिम व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं नहीं पहुंचेंगी, तब तक विकास अधूरा रहेगा। विकसित भारत का अर्थ आत्मनिर्भर भारत है और इसके लिए हर नागरिक का सहयोग आवश्यक है।

प्रो. फरियाद ने वर्तमान मीडिया परिदृश्य पर चिंता जताते हुए कहा कि आज समाज के साथ-साथ मीडिया का स्तर भी गिर रहा है। पत्रकारिता को चाटुकारिता नहीं, सच्चाई और संवेदनशीलता के साथ खड़ा होना होगा। उन्होंने पत्रकारिता के छात्रों से कहा कि वे हमेशा सचेत, जिम्मेदार और जागरूक रहें, क्योंकि उनका हर कदम समाज और देश पर असर डालता है।

विषय स्थापना करते हुए पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि बिना उत्तर प्रदेश के विकास के भारत का विकसित होना संभव नहीं। मीडिया जितना मजबूत होगा, समाज और देश उतना ही ऊंचा उठेगा। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे मीडिया की विश्वसनीयता और जनसेवा के मूल्यों को बनाए रखें।

कार्यक्रम का स्वागत डॉ प्रभा शंकर मिश्र ने किया, संचालन डॉ. चन्द्रशील पाण्डेय ने किया और धन्यवाद ज्ञापन डॉ मनोहर लाल ने प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर डॉ. नागेंद्र पाठक, डॉ. गिरीश दुबे, डॉ. अजय वर्मा, डॉ. अमित कुमार सिंह, डॉ. अर्चना सिंह, विजय कुमार सिंह समेत छात्र-छात्राएं- खुश्बू सिंह, स्तुति, पीयूष, कोमल, उद्देश्य, पुलकित, आशीष, फैजान, लुकमान, हर्ष, गौरव, जयकृष्णा, मनीष, ज्योति और दिशान आदि मौजूद रहे।

ALSO READ – कौन थे DSP सत्यपाल सिंह, जिनका नाम लेकर PM मोदी ने जंगलराज पर साधा निशाना?


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *