
Bihar Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया है। तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, मैथिली ठाकुर, सम्राट चौधरी, अनंत सिंह, ओसामा शहाब और खेसारी लाल यादव जैसे बड़े और चर्चित चेहरे मैदान में हैं। जनता की निगाहें (Bihar Chunav 2025) इन उम्मीदवारों पर टिकी हैं, क्योंकि ये न सिर्फ अपने-अपने दलों की साख बल्कि बिहार की राजनीति की नई दिशा तय कर सकते हैं।
राघोपुर: तेजस्वी यादव की प्रतिष्ठा दांव पर
महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव एक बार फिर राघोपुर से मैदान में हैं। 2020 में उन्होंने 38 हजार वोटों से बड़ी जीत दर्ज की थी। इस बार उनके सामने बीजेपी के सतीश कुमार और जन सुराज के चंचल कुमार हैं। राघोपुर सीट को ‘तेजस्वी का गढ़’ कहा जाता है, लेकिन इस बार विपक्ष ने यहां कड़ी चुनौती दी है।
महुआ: तेज प्रताप यादव की सियासी परीक्षा
आरजेडी के तेज प्रताप यादव इस बार महुआ सीट से मैदान में हैं। पिछली बार वे हसनपुर से जीते थे, लेकिन इस बार उन्हें अपने ही गठबंधन के असंतुष्टों से भी जूझना पड़ रहा है। उनके सामने आरजेडी के बागी मुकेश रोशन और लोजपा के संजय कुमार सिंह हैं। मुकाबला त्रिकोणीय और बेहद रोचक है।
अलीनगर: मैथिली ठाकुर की पहली सियासी पारी
भाजपा ने दरभंगा की अलीनगर सीट से युवा गायिका मैथिली ठाकुर को मैदान में उतारा है। उनके सामने आरजेडी के बिनोद मिश्रा हैं। यह मुकाबला युवा बनाम अनुभव का रूप ले चुका है। 2020 में यह सीट वीआईपी के पास थी, लेकिन अब बीजेपी इसे हर हाल में अपने खाते में लाना चाहती है।
मोकामा: बाहुबली अनंत सिंह का संघर्ष
एनडीए ने मोकामा से अनंत सिंह को टिकट दिया है। हाल ही में हत्या के मामले में गिरफ्तार होने के बावजूद उन्होंने चुनावी मैदान में डटे रहने का एलान किया है। उनके सामने सूरजभान सिंह की पत्नी मैदान में हैं। मोकामा की जनता इस बार तय करेगी कि बाहुबल की राजनीति को फिर मौका मिले या नहीं।
तारापुर: सम्राट चौधरी के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई
उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की साख इस बार तारापुर सीट से जुड़ी है। यहां एनडीए और महागठबंधन दोनों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। आरजेडी ने अरुण कुमार को उतारा है, जबकि जन सुराज पार्टी और जनशक्ति जनता दल के उम्मीदवार भी मुकाबले को दिलचस्प बना रहे हैं।
दानापुर: जेल से चुनावी जंग
दानापुर सीट पर बीजेपी के रामकृपाल यादव और आरजेडी के बाहुबली रीतलाल यादव आमने-सामने हैं। रीतलाल जेल में बंद हैं, लेकिन उनकी लोकप्रियता इलाके में बरकरार है। यहां मुकाबला सियासी से ज़्यादा व्यक्तिगत रंजिश का रूप ले चुका है।
लालगंज: लंदन रिटर्न शिवानी शुक्ला बनाम सत्ताधारी विधायक
आरजेडी ने बाहुबली मुन्ना शुक्ला की बेटी शिवानी शुक्ला को टिकट दिया है। लंदन से पढ़ी शिवानी राजनीति में नया चेहरा हैं। उनके सामने बीजेपी विधायक संजय कुमार सिंह हैं। लालगंज में महिला उम्मीदवार का आगमन यहां का चुनाव और दिलचस्प बना रहा है।
रघुनाथपुर: शाहाबुद्दीन के बेटे ओसामा की एंट्री
आरजेडी ने अपने दिवंगत नेता मोहम्मद शाहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब को टिकट देकर सियासी सुर्खियों में ला दिया है। उनके सामने स्थानीय दिग्गज उम्मीदवार हैं, लेकिन पार्टी ने उन पर भरोसा जताकर साफ किया है कि सिवान की राजनीति में अब नई पीढ़ी की एंट्री हो चुकी है।
छपरा: खेसारी लाल यादव सियासी मंच पर
भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव अब सियासी मंच पर हैं। वे महागठबंधन की ओर से छपरा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने बीजेपी की छोटी कुमारी और निर्दलीय राखी गुप्ता हैं। खेसारी का स्टारडम क्या वोटों में बदल पाएगा, यह देखने लायक होगा।
पटना कुम्हरार: प्रो. केसी सिन्हा का ‘ज्ञान बनाम राजनीति’ मुकाबला
जन सुराज पार्टी ने मशहूर गणितज्ञ प्रो. के.सी. सिन्हा को पटना कुम्हरार से टिकट दिया है। 2020 में यह सीट बीजेपी के पास थी। इस बार मुकाबला अनुभव और बुद्धिमत्ता के बीच दिलचस्प बनने जा रहा है।
ALSO READ – 25 लाख दीपों से जगमगाएं वाराणसी के घाट, 15 तस्वीरों में देखिए काशी की भव्य देव दीपावली..