Trump–Machado Meet: क्या नोबेल पुरस्कार गिफ्ट किया जा सकता है? ट्रम्प-मचाडो मीटिंग से उठा सवाल

Spread the love & Share it

Trump–Machado Meet

Trump–Machado Meet: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार को व्हाइट हाउस में वेनेजुएला की प्रमुख विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो से मुलाकात की। वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद यह किसी भी वेनेजुएलाई नेता के साथ ट्रम्प की पहली आमने-सामने की आधिकारिक बैठक मानी जा रही है।

मुलाकात के बाद मचाडो ने दावा किया कि उन्होंने राष्ट्रपति ट्रम्प को नोबेल शांति पुरस्कार का मेडल भेंट किया है। उन्होंने इसे वेनेजुएला के लोकतांत्रिक संघर्ष के लिए “ऐतिहासिक क्षण” बताया।

मचाडो बोलीं – वेनेजुएलावासियों के लिए ऐतिहासिक दिन

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मचाडो ने कहा,
“आज वेनेजुएला के लोगों के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। हम राष्ट्रपति ट्रम्प पर भरोसा कर सकते हैं।”

हालांकि, व्हाइट हाउस की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया कि ट्रम्प ने औपचारिक रूप से नोबेल मेडल स्वीकार किया है या नहीं।

ट्रम्प ने की मचाडो की तारीफ

ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर पोस्ट करते हुए कहा-
“मारिया कोरिना मचाडो एक अद्भुत महिला हैं। उन्होंने बहुत कुछ सहा है। उनसे मिलना मेरे लिए सम्मान की बात है। हमारे बीच आपसी सम्मान शानदार है।”

फिलहाल ट्रम्प ने मचाडो को वेनेजुएला की आधिकारिक नई राष्ट्रपति के रूप में मान्यता नहीं दी है। अमेरिका वर्तमान में कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज के साथ प्रशासनिक सहयोग कर रहा है।

नोबेल संस्थान की सफाई – उपाधि ट्रांसफर नहीं हो सकती

मचाडो द्वारा नोबेल मेडल गिफ्ट किए जाने के बाद नोबेल संस्थान ने स्पष्टीकरण जारी किया।
संस्थान ने कहा-
“नोबेल शांति पुरस्कार विजेता की उपाधि कभी स्थानांतरित नहीं की जा सकती। हालांकि पदक व्यक्तिगत संपत्ति होता है, जिसे उपहार में दिया जा सकता है, लेकिन ‘नोबेल लॉरिएट’ का दर्जा केवल मूल विजेता का ही रहेगा।”

अक्टूबर 2025 में मिला था मचाडो को नोबेल सम्मान

मारिया कोरिना मचाडो को अक्टूबर 2025 में नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उन्हें यह सम्मान “वेनेजुएला में लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और तानाशाही के खिलाफ शांतिपूर्ण संघर्ष” के लिए दिया गया था।

ऐतिहासिक प्रतीक का दिया हवाला

मचाडो ने ट्रम्प को मेडल सौंपते हुए 1825 की ऐतिहासिक घटना का उल्लेख किया, जब फ्रांस के स्वतंत्रता सेनानी मार्क्विस डे लाफायेट ने अमेरिका के पहले राष्ट्रपति जॉर्ज वॉशिंगटन की तस्वीर वाला पदक दक्षिण अमेरिका के स्वतंत्रता नायक साइमन बोलिवर को भेंट किया था।
उन्होंने कहा कि आज वेनेजुएला के लोग उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए “वॉशिंगटन के उत्तराधिकारी” को यह सम्मान लौटा रहे हैं।

बंद कमरे में हुई बैठक, चुनाव पर चर्चा नहीं

व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिना लेविट ने बताया कि ट्रम्प-मचाडो बैठक बंद कमरे में हुई और इसमें वेनेजुएला में आगामी चुनावों को लेकर कोई औपचारिक चर्चा नहीं हुई।
उन्होंने कहा-
“मचाडो वेनेजुएला के लोगों के लिए एक साहसी और प्रभावशाली आवाज हैं। यह बैठक राष्ट्रपति द्वारा व्यक्तिगत सम्मान के रूप में आयोजित की गई थी।”

मचाडो का राजनीतिक संघर्ष

मचाडो 2024 में वेनेजुएला के राष्ट्रपति पद की विपक्षी उम्मीदवार थीं, लेकिन सरकार ने उनकी उम्मीदवारी रद्द कर दी थी। इसके बाद उन्होंने विपक्षी गठबंधन के प्रत्याशी एडमंडो गोंजालेज का समर्थन किया।

चुनाव में विपक्ष को जनसमर्थन मिला, लेकिन शासन ने परिणाम स्वीकार नहीं किए और सत्ता पर नियंत्रण बनाए रखा।

मादुरो की गिरफ्तारी के बाद बढ़ा मचाडो का कद

3 जनवरी को अमेरिकी कार्रवाई में राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद मचाडो को संभावित नई राष्ट्रपति के रूप में देखा जाने लगा था। हालांकि ट्रम्प प्रशासन ने फिलहाल डेल्सी रोड्रिग्ज को अंतरिम राष्ट्रपति के रूप में समर्थन दिया है।

ALSO READ – चंदौली में भीषण सड़क हादसा: नशे में धुत स्कॉर्पियो चालक ने मचाया तांडव, 6 लोगों को रौंदा, एक की मौत


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *