
Chandauli News: चंदौली जिले के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक बनने जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस (CJI) सूर्यकांत आज सुबह 10 बजे चंदौली पहुंचकर जिले में बनने वाले अत्याधुनिक इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास करेंगे। इस दौरान सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के कई वरिष्ठ न्यायाधीश भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।
इस अवसर पर चंदौली के साथ-साथ महोबा, अमेठी, शामली, हाथरस और औरैया जिलों में प्रस्तावित इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स का शिलान्यास ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा। इन सभी न्यायालय परिसरों का निर्माण करीब 1500 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा, जिसकी तैयारियां प्रशासन ने पहले ही पूरी कर ली हैं।
वाराणसी से अलग जिला बने चंदौली को 28 वर्षों बाद अपना आधुनिक न्यायालय भवन मिलने जा रहा है। कलेक्ट्रेट परिसर के समीप लगभग 35 बीघा भूमि पर 286 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह नौ मंजिला मॉडर्न कोर्ट कॉम्प्लेक्स जिले की न्यायिक व्यवस्था को नई दिशा देगा। इसमें 37 न्यायालय कक्ष, अधिवक्ताओं के चेंबर, सभागार, फूड कोर्ट, बहुस्तरीय पार्किंग और न्यायिक अधिकारियों के आवासीय भवन शामिल होंगे। परियोजना को अप्रैल 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
एडीजी पीयूष मोर्डिया ने बताया कि यह चंदौली के इतिहास में पहला अवसर है, जब एक साथ सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के इतने वरिष्ठ न्यायाधीश जिले में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम जिले के अधिवक्ताओं और आमजन के लिए गर्व का क्षण है, क्योंकि वर्षों की मांग के बाद यह सपना साकार हो रहा है।
वीवीआईपी कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दो आईपीएस अधिकारी, पांच अपर पुलिस अधीक्षक, 12 क्षेत्राधिकारी, 100 से अधिक दरोगा और बाहर से आए 750 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। शुक्रवार को डीआईजी वैभव कृष्ण, जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
सीजेआई सूर्यकांत सुबह 10 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक चलेगा। परियोजना के पूर्ण होने के बाद सभी न्यायिक विभाग एक ही परिसर में आधुनिक सुविधाओं के साथ कार्य करेंगे, जिससे न्यायिक प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और सुगम होगी।
ALSO READ – मणिकर्णिका घाट सौंदर्यीकरण पर अजय राय बोले- विकास नहीं, विनाश हो रहा है