
Chandauli News: चंदौली के महादेवपुर गांव में जमीन से जुड़े एक बड़े फर्जीवाड़े का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक मानसिक रूप से अक्षम युवक के नाम पर किसी अन्य व्यक्ति को खड़ा कर कूटरचित दस्तावेजों के जरिए जमीन का फर्जी बैनामा करा दिया गया। मामले के उजागर होते ही प्रशासनिक महकमे में खलबली मच गई है।
गांव निवासी प्रेमनारायण पाठक ने सकलडीहा उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि ग्राम महादेवपुर, परगना मवई स्थित भूमिधरी आराजी संख्या 163, 164 और 165 उनके, उनके भाइयों और माता निर्मला देवी के नाम संयुक्त रूप से दर्ज है।
पीड़ित के अनुसार, उनके छोटे भाई विजयनारायण पाठक मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और परिवार की निगरानी में रहते हैं। इसके बावजूद 05 दिसंबर 2025 को साजिश के तहत विजयनारायण की जगह किसी अन्य व्यक्ति को प्रस्तुत कर फर्जी आधार, पैन कार्ड और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर जमीन की रजिस्ट्री करा दी गई।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बैनामा पत्र पर वास्तविक विजयनारायण की जगह किसी अन्य व्यक्ति की फोटो लगाई गई और गवाहों ने जानबूझकर झूठी गवाही दी। पीड़ित पक्ष ने इसे धोखाधड़ी, जालसाजी, कूटरचना और आपराधिक षड्यंत्र करार दिया है।
मामले की जानकारी मिलने पर 25 दिसंबर 2025 को चौकी शिवाला, थाना मुगलसराय में लिखित शिकायत दी गई। इसके बाद पुलिस और एसपी कार्यालय में भी तहरीर दी गई, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई न होने का आरोप लगाया गया है।
प्रेमनारायण पाठक ने बताया कि गांव वालों से सूचना मिली कि उनके मानसिक रूप से अक्षम भाई की जमीन बेच दी गई है। वकील के माध्यम से रजिस्ट्री दस्तावेजों की नकल निकलवाई गई, जिसमें फर्जीवाड़े की पुष्टि हुई।
इस संबंध में सकलडीहा एसडीएम कुंदन राज कपूर ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
ALSO READ – काशी से सियालदह तक दौड़ेगी ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’, चंदौली समेत पूर्वांचल के यात्रियों को बड़ी सौगात