
UGC Bill 2026: UGC बिल 2026 को लेकर देशभर में जारी विरोध और समर्थन के बीच अब सियासी प्रतिक्रियाएं भी तेज हो गई हैं। जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने इस बिल का खुलकर समर्थन किया है। मंगलवार को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपना बयान जारी किया।
तेज प्रताप यादव ने अपने पोस्ट में कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन द्वारा लाया गया “Promotion of Equity in Higher Education Institutions Regulations, 2026” गरीब, दलित, पिछड़ा और अतिपिछड़ा समाज के छात्रों के हित में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में जातिगत भेदभाव को रोकने और हर संस्थान में इक्विटी कमेटी बनाने का प्रावधान बेहद सराहनीय है।
उन्होंने आगे लिखा कि इस कानून के तहत गठित की जाने वाली इक्विटी कमेटियां एससी, एसटी और ओबीसी छात्रों की शिकायतें सुनेंगी और तय समयसीमा में उनका निपटारा करेंगी। इससे उच्च शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों को समानता का अधिकार मिलेगा और संविधान में निहित समानता की भावना और मजबूत होगी।
जनशक्ति जनता दल ने जताया समर्थन
तेज प्रताप यादव ने स्पष्ट कहा कि वह और उनकी पार्टी इस कानून का स्वागत और समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि यह कदम दलित, आदिवासी और पिछड़े समाज के छात्रों के हितों को ध्यान में रखकर उठाया गया है। साथ ही उन्होंने उन लोगों पर भी निशाना साधा, जो इस कानून को सनातन से जोड़कर देख रहे हैं।
तेज प्रताप यादव ने लिखा कि दलित, आदिवासी और पिछड़ा समाज भी सनातन परंपरा का ही हिस्सा है और वे भी हमारे भाई-बहन हैं। ऐसे में इस कानून को किसी एक वर्ग के खिलाफ बताना सही नहीं है।
गौरतलब है कि UGC बिल 2026 को लेकर जहां देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं, वहीं कुछ राजनीतिक दल और सामाजिक संगठन इसे सामाजिक न्याय की दिशा में बड़ा कदम बता रहे हैं।
ALSO READ – सोना-चांदी ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, MCX पर चांदी ₹3.59 लाख किलो पार, सोना ₹1.60 लाख के करीब