MGKVP में सेमेस्टर परीक्षा के बीच UGC मांग पर छात्र प्रदर्शन, कैंपस बना छावनी

Spread the love & Share it

Varanasi News

Varanasi News: महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में UGC रेगुलेशन लागू करने की मांग को लेकर छात्रों ने हल्ला बोल प्रदर्शन शुरू कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा UGC कानून पर अग्रिम आदेश तक रोक लगाए जाने से OBC, SC और ST वर्ग के छात्र नाराज हैं और इसे उनके भविष्य से जुड़ा मुद्दा बताते हुए पुनः लागू करने की मांग कर रहे हैं।

विश्वविद्यालय में इस समय ग्रेजुएशन की सेमेस्टर परीक्षाएं चल रही हैं। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सुरक्षा के मद्देनज़र विश्वविद्यालय परिसर में बाहरी लोगों की एंट्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है, जबकि भारी संख्या में पुलिस व सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। हालात पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है।

सोशल मीडिया पर पहले से किए गए आह्वान के बाद बड़ी संख्या में छात्र परिसर में जुटने लगे। छात्र समूहों में संगठित होकर मानविकी संकाय से निकलते हुए प्रशासनिक कार्यालय और फिर केंद्रीय पुस्तकालय की ओर बढ़े। इस दौरान परिसर में माहौल तनावपूर्ण हो गया।
प्रदर्शन के दौरान छात्र “हम लेंगे रहेंगे आज़ादी”, “UGC लागू करो”, “द्रोणाचार्य होशियार, अंगूठा काटना बंद करो” और “100 में से 90 शोषित हैं, 90 भाग हमारा है” जैसे नारे लगाते रहे। हाथों में तख्तियां लिए छात्र लगातार नारेबाजी करते दिखे।

इस हल्ला बोल प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर पहले से प्रचार किया जा रहा था। फेसबुक आईडी Rohit Saini के नाम से जारी पोस्टर में SC/ST/OBC छात्रों से UGC रेगुलेशन 2026 के समर्थन में सुबह 10 बजे विश्वविद्यालय पहुंचने का आह्वान किया गया था।

स्थिति को देखते हुए विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर के.के. सिंह ने निर्देश जारी करते हुए बताया कि परीक्षाओं और शैक्षणिक गतिविधियों के मद्देनज़र 5 फरवरी से सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बिना वैध पहचान पत्र या फीस रसीद के किसी को परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना परिचय पत्र या वैध कारण के परिसर में पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध अनुशासनात्मक व विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन और सुरक्षा बल पूरी सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

ALSO READ – चंदौली में सरकारी जमीन बचाने के बजाय कब्जेदारों को फायदा, तीन PCS अफसर सस्पेंड


Spread the love & Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *