
Varanasi News: कफ सिरप तस्करी के बड़े मामले में कोतवाली पुलिस और एसआईटी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25-25 हजार रुपये के तीन इनामी अभियुक्तों सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी मिर्जापुर बाइपास के भोरसर लिंक रोड से की गई। पकड़े गए आरोपियों पर कोडीन युक्त न्यू फेंसाडिल कफ सिरप की अवैध तस्करी, फर्जी जीएसटी इनवॉइस और ई-वे बिल के जरिए करोड़ों रुपये की अवैध कमाई का आरोप है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 235/2025 के तहत की गई है, जिसमें बीएनएस और एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराएं लगी हैं। गिरफ्तार किए गए तीन आरोपी, अमित जायसवाल, दिवेश जायसवाल और अंकुश सिंह पहले से वांछित थे और प्रत्येक पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
फर्जी बिल और हवाला से चलता था पूरा खेल
पूछताछ में सामने आया कि अभियुक्तों ने आपराधिक साजिश के तहत रांची (झारखंड) की एक फर्म के जरिए फर्जी जीएसटी इनवॉइस और ई-वे बिल बनाकर कोडीन युक्त कफ सिरप की भारी खेप को औषधीय उपयोग के बजाय नशे के लिए बाजार में उतारा। इस पूरे नेटवर्क के संचालन में कई मेडिकल फर्मों का इस्तेमाल किया गया।
आरोपियों ने बताया कि शुभम जायसवाल के केबीएन प्लाजा स्थित कार्यालय में नियमित बैठकें होती थीं, जहां तस्करी, नकदी लेनदेन, बैंक ट्रांजैक्शन और फर्मों के जरिए पैसे घुमाने की रणनीति तय की जाती थी। नकद और आरटीजीएस के जरिए पैसा जमा कराकर उसे अलग-अलग फर्मों के माध्यम से वापस नेटवर्क के सरगनाओं तक पहुंचाया जाता था।
25 लाख बोतलें, 40 करोड़ का अवैध कारोबार
पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह ने करीब 25 लाख बोतल न्यू फेंसाडिल कफ सिरप की तस्करी की और हवाला के जरिए लगभग 40 करोड़ रुपये की अवैध कमाई की। इसमें से करीब 8 करोड़ रुपये का सीधा आर्थिक लाभ आरोपियों ने हासिल किया। इस नेटवर्क का माल पश्चिम बंगाल, बिहार और त्रिपुरा में भी पकड़ा जा चुका है।
फर्जी फर्में, दस्तावेज और फरारी
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि तस्करी के लिए कई लोगों के दस्तावेज लेकर फर्जी फर्में खुलवाई गईं। दस्तावेज देने वालों को मामूली रकम दी जाती थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
कौन-कौन हुए गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों में अमित जायसवाल, दिवेश जायसवाल और अंकुश सिंह शामिल हैं, जिन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। इनके अलावा अभिनव कुमार यादव और घनश्याम मौर्य को भी गिरफ्तार किया गया है।
बरामदगी और आगे की कार्रवाई
गिरफ्तारी के दौरान 46 विदेशी मुद्रा नोट और एक आईफोन बरामद किया गया है। पुलिस का कहना है कि नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
ALSO READ – कोडीन कफ सिरप: कैटरिंग, होटल और प्रॉपर्टी में खपाई गई अवैध कमाई, शुभम को कैटरिंग कारोबारी ने दिया था 50 लाख